Last Updated:

Jackfruit Pickle Recipe: अगर आप कटहल खाना पसंद करते हैं, तो इस बार स्वाद बढ़ाने के लिए कटहल का मसालेदार अचार जरूर ट्राई सकते हैं. अभी सीजन में कच्चे कटहल सस्ते मिल रहे हैं. इससे झटपट स्वादिष्ट अचार तैयार किया जा सकता है. हल्के मसालों से बना यह अचार लंबे समय तक सुरक्षित रहता है और दाल-चावल या पराठे के साथ बेहतरीन स्वाद देता है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.

Kathal Ka Achar: मध्य प्रदेश के बघेलखंड क्षेत्र में इन दिनों बाजार में कटहल खूब देखने को मिल रहा है. हालांकि बारिश शुरू होने के बाद कटहल तेजी से पकने लगता है और जुलाई के बाद कच्चा कटहल मिलना काफी कम हो जाता है. ऐसे में कटहल पसंद करने वालों के लिए यह सही समय है कि सीजन खत्म होने से पहले इसका स्वाद लंबे समय तक सहेज लिया जाए। कटहल की सूखी और रसेदार सब्जी तो लोग बड़े चाव से खाते ही हैं, लेकिन इसका मसालेदार अचार भी खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है.

रसोई में अचार सिर्फ स्वाद बढ़ाने का साधन नहीं, बल्कि खाने की थाली का खास हिस्सा माना जाता है. दाल-चावल, रोटी, पराठा या पूरी कटहल का चटपटा अचार हर खाने के साथ शानदार लगता है. खास बात यह है कि सही तरीके से बनाया गया कटहल का अचार लंबे समय तक खराब नहीं होता और महीनों तक स्वाद बरकरार रखता है.

कटहल का अचार बनाने की रेसिपी
रसोईया प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि अगर आपको कटहल पसंद है, तो सीजन खत्म होने से पहले इसका अचार जरूर बनाकर स्टोर कर लेना चाहिए. इससे पूरे साल घर में देसी स्वाद का आनंद लिया जा सकता है. उनका कहना है कि कटहल का अचार बनाना मुश्किल नहीं है, बस कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है.

अचार बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे कटहल को छीलकर मीडियम आकार के टुकड़ों में काट लें. कटहल काटते समय हाथ और चाकू पर सरसों का तेल लगा लें, ताकि चिपचिपाहट से बचा जा सके. कटहल के बीज निकालने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ये अचार के स्वाद को और बेहतर बनाते हैं. इसके बाद एक बड़े बर्तन में पानी उबालें और कटहल के टुकड़ों को 5 से 7 मिनट तक हल्का उबाल लें. इससे कटहल थोड़ा नरम हो जाएगा और अचार के लिए तैयार हो जाएगा. उबले हुए कटहल को निकालकर साफ कपड़े पर फैलाएं और अच्छी तरह सुखा लें, ताकि उसकी नमी खत्म हो जाए। दूसरी ओर सौंफ, मेथी दाना और पीली सरसों को धीमी आंच पर हल्का भून लें. ठंडा होने के बाद इन्हें दरदरा पीस लें. अब इस मसाले में हल्दी, लाल मिर्च, नमक, कलौंजी और हींग मिलाकर तैयार करें.

2-3 दिन धूप दिखाएं
अब कटहल के टुकड़ों को मसाले में अच्छी तरह मिलाएं, ताकि हर टुकड़े पर मसाला चढ़ जाए. इसके बाद सरसों का तेल और थोड़ा सिरका मिलाएं. फिर अचार को कांच के साफ जार में भर दें. 2 से 3 दिन धूप दिखाने और बीच-बीच में जार हिलाने से मसाले अच्छी तरह घुल जाते हैं. करीब एक हफ्ते में कटहल का स्वादिष्ट अचार तैयार हो जाता है.

इन बातों का रखें ध्यान
ध्यान रहे, अचार को हमेशा सूखी और ठंडी जगह पर रखें. जार में पानी जाने से अचार खराब हो सकता है. अगर सही तरीके से रखा जाए तो कटहल का यह चटपटा अचार लंबे समय तक आपकी थाली का स्वाद बढ़ाता रहेगा.

About the Author

Dallu Slathia

Dallu Slathia is a seasoned digital journalist with over 7 years of experience, currently leading editorial efforts across Madhya Pradesh and Chhattisgarh. She specializes in crafting compelling stories across …और पढ़ें



Source link

Write A Comment