Last Updated:

Summer Best Cooling Drink: तेज गर्मी और लू के बीच सौंफ का शरबत शरीर को ठंडक पहुंचाने वाला एक प्राकृतिक और हेल्दी ड्रिंक माना जा रहा है. आयुर्वेद विशेषज्ञों के अनुसार यह पाचन सुधारने, डिहाइड्रेशन से बचाने और शरीर की गर्मी शांत करने में मददगार है. घर पर आसानी से बनने वाला यह शरबत स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन मेल है.

नागौर. गर्मियों के मौसम में तेज धूप, बढ़ता तापमान और लू लोगों की परेशानी बढ़ा देते हैं. ऐसे समय में शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी हो जाता है. बाजार में मिलने वाले कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेज्ड जूस भले ही तुरंत राहत देते दिखाई दें, लेकिन इनमें मौजूद अत्यधिक शुगर स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं. ऐसे में घरेलू और प्राकृतिक पेय पदार्थों की ओर लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है. इन्हीं में से एक है सौंफ का शरबत, जो स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखता है.

सौंफ भारतीय रसोई का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है. आमतौर पर इसका उपयोग माउथ फ्रेशनर या मसाले के रूप में किया जाता है, लेकिन आयुर्वेद में इसे ठंडी तासीर वाला बेहद गुणकारी पदार्थ माना गया है. गर्मियों में सौंफ का सेवन शरीर की गर्मी को शांत करने में मदद करता है. साथ ही यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है और पेट से जुड़ी समस्याओं में भी राहत पहुंचाता है.

आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ अनिल कुमार शर्मा के अनुसार सौंफ में एंटीऑक्सीडेंट, फाइबर और कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को अंदर से ठंडक देने का काम करते हैं. यह पेट की गैस, अपच, एसिडिटी और जलन जैसी समस्याओं को कम करने में मददगार मानी जाती है. गर्मी के मौसम में लू से बचाव के लिए भी सौंफ का शरबत काफी लाभदायक माना जाता है.

सौंफ से शरबत बनाने की विधि
इस शरबत की सबसे खास बात यह है कि इसे बेहद आसान तरीके से घर पर तैयार किया जा सकता है और इसमें ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं होती. इसे बनाने के लिए मुख्य रूप से सौंफ, काली मिर्च और धागे वाली मिश्री का उपयोग किया जाता है. सबसे पहले सौंफ और थोड़ी काली मिर्च को अच्छी तरह साफ करके 2 से 3 घंटे तक पानी में भिगो दिया जाता है. इसके बाद भीगी हुई सौंफ को उसी पानी सहित मिक्सर में डालकर उसमें धागे वाली मिश्री मिलाई जाती है. फिर इस मिश्रण को तब तक पीसा जाता है जब तक यह एकदम स्मूथ पेस्ट न बन जाए. तैयार पेस्ट को बारीक छलनी से छान लिया जाता है ताकि इसका स्वाद और टेक्सचर बेहतर हो सके. शरबत तैयार करने के लिए एक गिलास ठंडे पानी में इस पेस्ट के 2 चम्मच मिलाए जाते हैं. चाहें तो इसमें बर्फ के टुकड़े भी डाले जा सकते हैं. यह शरबत स्वाद में बेहद ताजगी भरा होता है और शरीर को तुरंत ठंडक पहुंचाता है.

पाचन और डिहाइड्रेशन में सहायक
विशेषज्ञों के अनुसार, सौंफ पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में मदद करती है, जिससे गर्मी के दिनों में होने वाली पेट की समस्याओं से राहत मिलती है. यह शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन को रोकने में भी सहायक है. नियमित रूप से इसका सेवन शरीर के तापमान को संतुलित रखता है और भीषण लू के थपेड़ों के बीच एक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है.

About the Author

Anand Pandey

आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें



Source link

Write A Comment