Last Updated:
Raipur News: उबाल आने के बाद उड़द दाल की पीठी को पकौड़े की तरह थोड़ा-थोड़ा कर कड़ाही में डाला जाता है. यही छोटी-छोटी डुबकियां स्वादिष्ट बड़ी का रूप ले लेती हैं. सब्जी में हल्का खट्टापन लाने के लिए कच्चे आम या सूखी इमली का इस्तेमाल किया जाता है.
रायपुर. भीषण गर्मी के मौसम में जहां लोग हल्का, स्वादिष्ट और जल्दी बनने वाला भोजन पसंद करते हैं, वहीं छत्तीसगढ़ की पारंपरिक डिश डुबकी बड़ी, जिसे गोलगोथी भी कहते हैं, इन दिनों लोगों की रसोई में खास जगह बना रही है. खट्टे और मसालेदार स्वाद से भरपूर यह पारंपरिक सब्जी न केवल खाने में लाजवाब होती है बल्कि पौष्टिकता से भी भरपूर मानी जाती है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और कम सामग्री में यह स्वाद का बेहतरीन अनुभव देता है.
गर्मी के दिनों में जब भूख कम लगती है, तब डुबकी बड़ी का चटपटा स्वाद लोगों की भूख बढ़ाने का काम करता है. गृहिणी अन्नू नायक लोकल 18 को बताती हैं कि डुबकी बड़ी छत्तीसगढ़ के गांवों में वर्षों से बनाई जाती आ रही है. पहले यह व्यंजन खासतौर पर गर्मी और बरसात के मौसम में बनाया जाता था लेकिन अब इसकी लोकप्रियता शहरों तक पहुंच गई है. उन्होंने बताया कि इसकी रेसिपी बेहद आसान है और कोई भी व्यक्ति इसे घर पर आसानी से बना सकता है.
डुबकी बड़ी की रेसिपी
डुबकी बड़ी बनाने के लिए सबसे पहले बिना छिलके वाली उड़द दाल को दो से तीन घंटे तक पानी में भिगोकर रखा जाता है. इसके बाद दाल को अच्छी तरह धोकर उसका पानी निकाल लिया जाता है और मिक्सर ग्राइंडर की मदद से पीसकर गाढ़ा बैटर तैयार किया जाता है. छत्तीसगढ़ी बोली में इस बैटर को पीठी कहा जाता है. इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म कर सरसों के दाने चटकाए जाते हैं. फिर हरी मिर्च, टमाटर और हल्दी पाउडर डालकर मिश्रण को ढंककर पकाया जाता है, जिससे टमाटर जल्दी गल जाते हैं और मसाले का स्वाद बेहतर हो जाता है. जब मसाला अच्छी तरह पक जाए, तब उसमें गर्म पानी डालकर उबाल आने दिया जाता है.
सूखी इमली या कच्चे आम का इस्तेमाल
उबाल आने के बाद उड़द दाल की पीठी को पकौड़े की तरह थोड़ा-थोड़ा करके कड़ाही में डाला जाता है. यही छोटी-छोटी डुबकियां बाद में स्वादिष्ट बड़ी का रूप ले लेती हैं. सब्जी में हल्का खट्टापन लाने के लिए सूखी इमली या कच्चे आम का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. आखिर में धनिया पत्ती डालकर इसे सर्व किया जाता है.
करीब 30 मिनट में तैयार होने वाली यह पारंपरिक सब्जी गर्म भात या रोटी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. गर्मी के मौसम में खट्टे और देसी स्वाद का मजा लेने वाले लोगों के लिए डुबकी बड़ी किसी पारंपरिक स्वाद से कम नहीं है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.