महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में ज्वेलर्स की दुकान पर गिरवी रखे गए सोने के गहने व्यापारी द्वारा बेच दिए जाने से नाराज आरोपियों ने पहले ज्वेलर का अपहरण किया और फिर पिस्टल की धाक दिखाकर उसकी पत्नी से 79 ग्राम सोने के गहने लूट लिए। इसके बाद जैसे ही पता चला कि व्यापारी पुलिस में शिकायत करने जा रहा है, आरोपियों ने दोबारा उसकी दुकान में घुसकर तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने की कोशिश की। तोड़फोड़ की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
गनपॉइंट पर ज्वेलर को किडनैप किया, पत्नी से गहने लूटे
बदलापुर पश्चिम के वालीवली नाका परिसर में भीम सिंह खरवत का भैरव ज्वेलर्स नामक दुकान है। आरोप है कि 15 अगस्त को अक्षय भोपी, युवराज भोपी और उनके कुछ साथियों ने दुकान से भीम सिंह का अपहरण कर लिया। उन्हें एरंजद परिसर में ले जाकर पिस्टल का डर दिखाया गया। इसके बाद व्यापारी को छोड़ने के बदले दुकान पर मौजूद उनकी पत्नी से 79 ग्राम सोने के गहने कथित तौर पर लूट लिए गए।
दुकान में तोड़फोड़ की।
इस घटना के बाद भीम सिंह पुलिस में शिकायत करने की तैयारी कर रहे थे। इसकी जानकारी अक्षय भोपी को मिलने के बाद 25 अगस्त को कुछ लोगों को दुकान पर भेजकर तोड़फोड़ करवाई गई। उस समय भीम सिंह दुकान में मौजूद थे। आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए दहशत पैदा करने का प्रयास किया।
असल में हुआ क्या था?
दरअसल, आरोपी इस बात से नाराज थे कि ‘भैरव ज्वैलर्स’ के मालिक भीम सिंह ने दुकान में गिरवी रखे गहने बेच दिए थे। इसी गुस्से में उन्होंने दुकान में घुसकर भीम सिंह को किडनैप कर लिया और जिंदा छोड़ने के बदले में उसकी पत्नी से 79 ग्राम सोने के गहने लूट लिए। इस घटना के बाद आरोपी अक्षय भोपी को जानकारी मिली कि भीम सिंह पुलिस में शिकायत करने वाला है। इसलिए उसने 25 अगस्त को गांव के कुछ गुंडों को भीम सिंह की दुकान में तोड़फोड़ करने के लिए भेजा, जिससे इलाके में बहुत ज्यादा दहशत फैल गई।
पुलिस की कार्रवाई
इस मामले में बदलापुर पश्चिम पुलिस थाने में खंडणी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किशोर शिंदे ने इसकी जानकारी दी। वहीं, मामले में 2 आरोपियों को उल्हासनगर क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेश गज्जल ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
(रिपोर्ट- सुनील शर्मा)
यह भी पढ़ें-
जलगांव के अमलनेर में एक ही परिवार के 4 लोगों ने ट्रेन के नीचे कूदकर किया सुसाइड, मचा हड़कंप