Tomato Chutney Recipe in Hindi: अक्सर मम्मियो की सबसे बड़ी चिंता यही होती है कि बच्चे लंच कैसे फिनिशकर घर आएं. या फिर जब घर में कोई खास सब्जी न बनी हो, तो खाने का स्वाद कैसे बढ़ाया जाए? अगर आप भी इसी उलझन में रहती हैं, तो मशहूर कुकिंग एक्सपर्ट निशा मधूलिका के स्टाइल वाली यह टमाटर की खट्टी-मीठी चटनी आपके लिए लाइफ सेवर से कम नहीं. यह चटनी न केवल बनाने में आसान है, बल्कि इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि बड़े तो क्‍या बच्चे भी उंगलियां चाटने पर मजबूर हो जाएंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने की फटाफट विधि.

क्यों खास है यह टमाटर की चटनी?
बाजार में मिलने वाले केचप या जैम में प्रिजर्वेटिव्स होते हैं, लेकिन घर पर बनी यह ताजी चटनी पूरी तरह शुद्ध और मसालों के गुणों से भरपूर है. इसमें सौंफ और भुने जीरे की खुशबू इसे एक अलग ही देसी टच देती है.

आवश्यक सामग्री (Ingredients for Sweet n Spicy Tomato Chutney)-

टमाटर: 4 बड़े (लगभग 300 ग्राम)
चीनी: ¼ कप (50 ग्राम)
तेल: 1 टेबल स्पून
सौंफ पाउडर: 1 छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर: ½ छोटी चम्मच
गरम मसाला: ½ छोटी चम्मच
भुना जीरा पाउडर: ¼ छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर: ¼ छोटी चम्मच
काला नमक: ¼ छोटी चम्मच
सादा नमक: ⅓ छोटी चम्मच (स्वादानुसार)
जीरा: तड़के के लिए

बनाने की विधि (How to Make Sweet Tomato Chutney)

1. टमाटर का पेस्ट तैयार करें:सबसे पहले टमाटरों को अच्छे से धो लें. अब इन्हें बड़े-बड़े टुकड़ों में काटकर मिक्सर जार में डालें और एक बारीक पेस्ट बना लें. ध्यान रहे कि पेस्ट एकदम स्मूथ हो ताकि चटनी का टेक्सचर अच्छा आए.

2. तड़का लगाएं: अब गैस पर एक कढ़ाही रखें और उसमें तेल गरम करें. जब तेल गरम हो जाए, तो उसमें जीरा डालकर चटकाएं. इसके बाद आंच धीमी करें और हल्दी पाउडर डालकर हल्का सा भून लें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. मसाला मिलाएं: अब कढ़ाही में तैयार टमाटर का पेस्ट डाल दें. साथ ही इसमें लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, सौंफ पाउडर, काला नमक, सादा नमक और चीनी मिला दें. सौंफ का पाउडर इस चटनी को एक रिफ्रेशिंग स्वाद देता है, इसलिए इसे स्किप न करें.

4. गाढ़ा होने तक पकाएं: सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिक्स करें. अब चटनी को मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि टमाटर का कच्चापन दूर न हो जाए और चटनी गाढ़ी न हो जाए. इसे बीच-बीच में चलाते रहें ताकि यह नीचे से जले नहीं.

5. फिनिशिंग टच दें : लगभग 12 से 15 मिनट में चटनी पूरी तरह गाढ़ी होकर चमकदार दिखने लगेगी. बस, आपकी स्वादिष्ट टमाटर की मीठी चटनी तैयार है! इसे एक प्याले में निकाल लें.

स्टोरेज और सर्विंग टिप
इस चटनी की सबसे अच्छी बात यह है कि यह जल्दी खराब नहीं होती. आप इसे ठंडा करके कांच के जार में भरकर फ्रिज में 1 सप्ताह तक स्टोर कर सकते हैं.

इसे सुबह के नाश्ते में पराठों के साथ, बच्चों के टिफिन में सूखी रोटी के साथ या फिर दाल-चावल के साथ साइड डिश के तौर पर सर्व करें. यकीन मानिए, जिस दिन आप यह चटनी बनाएंगी, उस दिन घर में रोटियां कम पड़ जाएंगी! आज ही ट्राई करें यह ‘फटाफट’ रेसिपी और अपने खाने के जायके को दोगुना करें!



Source link

Write A Comment