Last Updated:
Mango Barfi Recipe: आम के मौसम में घर पर स्वादिष्ट मिठाई बनाने के लिए मैंगो बर्फी एक आसान और झटपट बनने वाली रेसिपी है. इस रेसिपी में दूध या मावा का इस्तेमाल नहीं होता, फिर भी इसका स्वाद बाजार की मिठाइयों जैसा होता है. नॉन-स्टिक कड़ाही में आम का पल्प, चीनी, कस्टर्ड पाउडर और नारियल का बुरादा पकाकर इसे ट्रे में जमाया जाता है. ऊपर से काजू, बादाम और पिस्ता डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. सही तरीके से पकाने पर बर्फी आसानी से सेट होती है और काटने पर टूटती नहीं है.
उदयपुर में इन दिनों आम का सीजन पूरे रंग में है. शहर की सब्जी मंडियों और फल बाजारों में दशहरी, लंगड़ा, केसर, बादामी और सफेदा जैसी कई किस्मों के मीठे आम आसानी से मिल रहे हैं. ऐसे में अगर आप आम को सिर्फ काटकर खाने की बजाय कुछ नया बनाना चाहते हैं, तो घर पर तैयार होने वाली मैंगो बर्फी एक शानदार विकल्प हो सकती है. खास बात यह है कि इस मिठाई को बनाने के लिए मावा या दूध की जरूरत नहीं पड़ती, फिर भी इसका स्वाद किसी मिठाई की दुकान से कम नहीं लगता.
शहर के फल विक्रेताओं का कहना है कि इस समय आम की अच्छी आवक होने से कीमतों में भी पहले के मुकाबले काफी राहत है. यही वजह है कि लोग आम से शेक, आइसक्रीम, कुल्फी और कई तरह की मिठाइयां बना रहे हैं. मैंगो बर्फी भी इन्हीं में से एक ऐसी रेसिपी है, जिसे घर पर बेहद कम समय और आसान सामग्री के साथ तैयार किया जा सकता है. बच्चों से लेकर बड़े तक इसका स्वाद खूब पसंद करते हैं.
मैंगो बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले लगभग 500 ग्राम मीठे आम का छिलका हटाकर उसका पल्प निकाल लें. अब मिक्सर जार में आम का पल्प, आधा कप कस्टर्ड पाउडर और आधा कप पानी डालकर अच्छी तरह पीस लें. दूसरी तरफ करीब 150 ग्राम चीनी को पीसकर उसका बारीक पाउडर तैयार कर लें. इससे बर्फी का मिश्रण जल्दी तैयार होता है और स्वाद भी बेहतर आता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब एक नॉन-स्टिक कड़ाही में दो चम्मच देसी घी गर्म करें. इसके बाद इसमें आम का तैयार मिश्रण, पिसी हुई चीनी और एक बड़ा चम्मच नारियल का बुरादा डाल दें.सभी सामग्री को लगातार चलाते हुए मध्यम आंच पर करीब 8 से 10 मिनट तक पकाएं.जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तब उसमें आधी छोटी चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला दें और गैस बंद कर दें.इससे बर्फी में अच्छी खुशबू और स्वाद आ जाता है.
अब एक ट्रे या मोल्ड में बटर पेपर बिछाकर उस पर हल्का सा घी या तेल लगा दें. तैयार मिश्रण को ट्रे में डालकर बराबर फैला दें. ऊपर से बारीक कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता डालकर हल्के हाथ से दबा दें.इसके बाद ट्रे को 4 से 5 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें.जब बर्फी अच्छी तरह जम जाए, तब इसे अपनी पसंद के आकार में काटकर सर्व करें. ठंडी-ठंडी मैंगो बर्फी का स्वाद हर किसी को पसंद आएगा.
अगर आप पहली बार यह मिठाई बना रहे हैं, तो नॉन-स्टिक कड़ाही का इस्तेमाल जरूर करें, ताकि मिश्रण तले में चिपके नहीं.साथ ही मिश्रण को लगातार चलाते रहें और तभी गैस बंद करें, जब वह गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने लगे. इससे बर्फी अच्छी तरह सेट होगी और काटते समय टूटेगी भी नहीं.चाहें तो ऊपर से थोड़ा और ड्राई फ्रूट्स डालकर इसे और आकर्षक बनाया जा सकता है.