Last Updated:

Kaju Katli Simple Recipe: काजू कतली सबसे पसंदीदा मिठाई है और इसका स्वाद सभी को खूब भाता है. काजू कतली महंगी मिठाई है और बाजार में इसकी कीमत करीब 1000 से 15000 रुपये प्रति किलो होती है. मगर आप आसान रेसिपी की मदद से आप घर पर भी हलवाई जैसी मुलायम और स्वादिष्ट काजू कतली बना सकते हैं.

Zoom

घर पर भी आसान रेसिपी से काजू कतली बनाई जा सकती है.

How To Make Kaju Katli At Home: मिठाइयां कई तरह की होती हैं और हर मिठाई का स्वाद अनोखा होता है. कुछ मिठाई ऐसी होती हैं, जो अधिकतर लोगों को पसंद आती हैं. भारतीय मिठाइयों में काजू कतली का एक अलग ही महत्व है. त्योहार हो, शादी-ब्याह हो या कोई खास मौका, काजू कतली हर अवसर की पसंदीदा मिठाइयों में शामिल रहती है. इसकी मुलायम बनावट और काजू का रिच स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बेहद पसंद आता है. बाजार में मिलने वाली काजू कतली अक्सर काफी महंगी होती है, इसलिए कई लोग इसे घर पर बनाने की सोचते हैं. अधिकतर लोगों को लगता है कि इसे बनाना मुश्किल है, लेकिन सही तरीका अपनाकर आप घर पर भी हलवाई जैसी स्वादिष्ट काजू कतली आसानी से तैयार कर सकते हैं.

घर पर बनी काजू कतली क्यों है खास?

घर पर बनी काजू कतली ज्यादा ताजा और शुद्ध होती है. इसमें आप अपनी पसंद के अनुसार मिठास रख सकते हैं और किसी तरह की मिलावट या प्रिजर्वेटिव की चिंता भी नहीं रहती. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. केवल काजू, चीनी और थोड़ी-सी मेहनत से शानदार मिठाई तैयार की जा सकती है.

काजू को सही तरह पीसना सबसे जरूरी

काजू कतली का सही स्वाद और टेक्सचर काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि काजू कैसे पीसे गए हैं. इसके लिए सबसे पहले काजू को कुछ देर के लिए फ्रिज में रख देना चाहिए, ताकि वे सूखे और ठंडे हो जाएं. इसके बाद मिक्सर में काजू को हल्का-हल्का पीसें. ध्यान रखें कि काजू को ज्यादा देर तक ग्राइंड नहीं करना है, क्योंकि इससे वे तेल छोड़ने लगते हैं और पाउडर की जगह पेस्ट बन सकता है. बारीक और सूखा काजू पाउडर ही मुलायम काजू कतली की पहचान होता है.

चाशनी बनाते समय रखें खास ध्यान

एक पैन में चीनी और थोड़ा पानी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. चीनी पूरी तरह घुलने तक मिश्रण को लगातार चलाते रहें. काजू कतली के लिए ज्यादा गाढ़ी चाशनी की जरूरत नहीं होती है. जब चाशनी हल्की चिपचिपी हो जाए, तब उसमें तैयार काजू पाउडर डाल दें. इसके बाद मिश्रण को लगातार चलाते रहें, ताकि उसमें गांठें न पड़ें और काजू अच्छी तरह चाशनी में मिल जाए.

सही समय तक पकाना है जरूरी

कुछ ही मिनटों में मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा. इस दौरान थोड़ा-सा घी और चाहें तो इलायची पाउडर भी डाल सकते हैं, जिससे स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं. मिश्रण को तब तक पकाना चाहिए जब तक वह पैन छोड़ने न लगे. हालांकि इस बात का ध्यान रखना बेहद जरूरी है कि इसे जरूरत से ज्यादा न पकाएं, वरना काजू कतली सख्त हो सकती है. सही समय पर गैस बंद करना परफेक्ट टेक्सचर के लिए बेहद जरूरी होता है.

ऐसे दें काजू कतली को परफेक्ट शेप

अब तैयार मिश्रण को हल्का घी लगी प्लेट या ट्रे में निकाल लें. बेलन की मदद से इसे सावधानी से पतला बेलें. अगर आप चाहें तो ऊपर से चांदी का वर्क भी लगा सकते हैं, जिससे मिठाई बिल्कुल बाजार जैसी दिखेगी. मिश्रण थोड़ा ठंडा होने के बाद इसे डायमंड शेप में काट लें और कुछ देर सेट होने दें. थोड़ी ही देर में आपकी स्वादिष्ट और मुलायम काजू कतली तैयार हो जाएगी.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

About the Author

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें



Source link

Write A Comment