Malai Kofta Recipe: मलाई कोफ्ता उन खास व्यंजनों में शामिल है जिन्हें लोग शादी, पार्टी या किसी खास मौके पर खाना पसंद करते हैं. इसकी सबसे बड़ी पहचान होती है मुलायम कोफ्ते और गाढ़ी, मलाईदार ग्रेवी. लेकिन घर पर बनाते समय अक्सर यही शिकायत रहती है कि कोफ्ते कड़े बन जाते हैं, तलते समय टूट जाते हैं या ग्रेवी में डालते ही बिखर जाते हैं. कई बार ग्रेवी भी उतनी स्मूद और रिच नहीं बनती जितनी होटल या रेस्टोरेंट में मिलती है. अगर आप भी यही परेशानी झेलते हैं तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान स्टेप्स और सही सामग्री की मदद से घर पर भी ऐसा मलाई कोफ्ता बनाया जा सकता है जिसका स्वाद हर किसी को पसंद आए. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.
सबसे पहले तैयार करें मुलायम कोफ्ते
मलाई कोफ्ता का स्वाद उसके कोफ्तों पर सबसे ज्यादा निर्भर करता है. इसके लिए सबसे पहले कद्दूकस किया हुआ पनीर और उतनी ही मात्रा में उबले हुए कद्दूकस आलू एक बड़े बर्तन में डालें. इसमें बाइंडिंग के लिए कॉर्नफ्लोर मिलाएं. अब स्वादानुसार नमक और थोड़ा काली मिर्च पाउडर डालकर पूरे मिश्रण को हाथों से अच्छी तरह मैश करें. मिश्रण जितना चिकना होगा, कोफ्ते उतने ही मुलायम बनेंगे.
सही तरीके से तलें कोफ्ते
तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे गोल कोफ्ते बना लें. कढ़ाही में तेल को मध्यम आंच पर गर्म करें और एक-एक करके कोफ्ते डालें. बहुत तेज आंच पर तलने से कोफ्ते बाहर से जल्दी भूरे हो सकते हैं लेकिन अंदर से सही नहीं पकेंगे. इसलिए उन्हें धीरे-धीरे सुनहरा होने तक तलें और निकालकर अलग रख दें.
ग्रेवी की शुरुआत खड़े मसालों से करें
एक पैन में थोड़ा तेल और बटर गर्म करें. इसमें तेजपत्ता, दालचीनी, जीरा, साबुत काली मिर्च और चुटकी भर हींग डालें. इन मसालों की खुशबू ही ग्रेवी को अलग स्वाद देती है. इसके बाद मोटा कटा प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें.
प्याज और टमाटर के साथ तैयार करें मसाला
अब इसमें बराबर मात्रा में कटे टमाटर, हरी मिर्च, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और नमक डालें. ग्रेवी को ज्यादा क्रीमी बनाने के लिए इसमें काजू या मगज के बीज भी मिलाएं. थोड़ा पानी डालकर ढक दें और पांच से सात मिनट तक पकाएं ताकि सभी चीजें अच्छी तरह नरम हो जाएं.
स्मूद ग्रेवी बनाने का आसान तरीका
जब मसाला थोड़ा ठंडा हो जाए तो इसे मिक्सर में डालकर बिल्कुल चिकना पीस लें. स्मूद ग्रेवी ही मलाई कोफ्ता का असली स्वाद देती है. अगर जरूरत हो तो पीसते समय थोड़ा पानी भी डाल सकते हैं.
फाइनल तड़का देगा रेस्टोरेंट जैसा स्वाद
अब एक पैन में फिर थोड़ा तेल और बटर गर्म करें. इसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और कसूरी मेथी डालें. तुरंत पिसी हुई ग्रेवी इसमें डाल दें और धीमी आंच पर करीब दस मिनट तक पकाएं. जब ग्रेवी हल्की गाढ़ी हो जाए और ऊपर तेल दिखने लगे, तब समझिए कि यह तैयार है.
कोफ्ते कब डालें?
कोफ्ते हमेशा आखिर में डालें. ग्रेवी तैयार होने के बाद गैस धीमी करें और धीरे-धीरे कोफ्ते उसमें रखें. ज्यादा चलाने से कोफ्ते टूट सकते हैं. अगर मेहमानों के लिए बना रहे हैं तो परोसने से ठीक पहले कोफ्ते ग्रेवी में डालना बेहतर रहता है.
गार्निशिंग से बढ़ेगा स्वाद और लुक
तैयार मलाई कोफ्ता के ऊपर ताजी मलाई, थोड़ा बटर, कसूरी मेथी और बारीक कटा हरा धनिया डालें. चाहें तो ऊपर से थोड़े कटे काजू भी सजा सकते हैं. इससे डिश देखने में भी आकर्षक लगेगी.
View this post on Instagram