Soft Chhena Recipe: आप घर पर रसगुल्ला, रसमलाई, संदेश या सॉफ्ट पनीर बनाना पसंद करते हैं, तो सबसे पहले अच्छी क्वालिटी का छेना बनाना सीखना जरूरी है. कई लोग दूध फाड़ने के लिए नींबू या सफेद सिरके का सहारा लेते हैं, लेकिन हर बार मनचाहा रिजल्ट नहीं मिलता. कभी छेना ज्यादा खट्टा हो जाता है तो कभी इतना सख्त कि उससे बनी मिठाई का स्वाद बिगड़ जाता है. ऐसे में एक आसान और देसी तरीका आपकी इस परेशानी को खत्म कर सकता है.

इस ट्रिक में दूध फाड़ने के लिए दही का पानी इस्तेमाल किया जाता है. इससे छेना ज्यादा मुलायम, मलाईदार और स्पंजी बनता है. यही वजह है कि अब कई लोग इस तरीके को अपना रहे हैं, अगर आप भी चाहते हैं कि घर पर बना छेना बिल्कुल हलवाई जैसा तैयार हो, तो इस आसान रेसिपी को एक बार जरूर आजमाएं.

दही का पानी क्यों करता है कमाल?
दही का पानी हल्का खट्टा होता है. यही वजह है कि यह दूध को धीरे-धीरे फाड़ता है. जब दूध आराम से फटता है, तब छेने के दाने मुलायम रहते हैं और उनकी बनावट भी अच्छी होती है. इसके मुकाबले नींबू या सिरका कई बार दूध को तेजी से फाड़ देते हैं, जिससे छेना थोड़ा कड़ा हो सकता है. दही के पानी से बनी मिठाइयों में भी अलग ही स्वाद आता है क्योंकि उनमें ज्यादा खट्टापन महसूस नहीं होता.

छेना बनाने के लिए क्या चाहिए?
1. 1 लीटर फुल क्रीम दूध
2. 1 से 1½ कप हल्का खट्टा दही का पानी
3. मलमल या सूती कपड़ा
4. एक बड़ा बर्तन
5. छलनी

घर पर ऐसे बनाएं मुलायम छेना
सबसे पहले भारी तले वाले बर्तन में दूध डालकर उबाल लें. उबाल आने तक बीच-बीच में दूध चलाते रहें ताकि वह नीचे न लगे. दूध में उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें. इसके बाद दूध को करीब दो मिनट तक ऐसे ही रहने दें. बहुत ज्यादा गर्म दूध में सीधे खट्टी चीज डालने से छेना सख्त हो सकता है. अब थोड़ा-थोड़ा करके दही का पानी डालें और चम्मच से आराम से चलाएं. कुछ ही देर में दूध फटना शुरू हो जाएगा और हरे रंग का पानी अलग दिखने लगेगा, अगर दूध पूरी तरह नहीं फटे तो थोड़ा और दही का पानी मिला सकते हैं. अब एक बर्तन पर मलमल का कपड़ा रखें और फटे हुए दूध को उसमें छान लें. जो पानी बचे उसे फेंकने की गलती न करें. यह आटा गूंथने, दाल बनाने या दूसरी रेसिपी में भी काम आ सकता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

इसके बाद कपड़े में बंधे छेने पर थोड़ा ठंडा साफ पानी डालें. इससे छेना ज्यादा देर तक गर्म नहीं रहेगा और उसकी नरमी बनी रहेगी. अब कपड़े की पोटली बनाकर उसे 15 से 20 मिनट के लिए टांग दें ताकि एक्स्ट्रा पानी निकल जाए. इसके बाद आपका मुलायम और मलाईदार छेना तैयार है.

इन बातों का रखें खास ध्यान
1. हमेशा फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें.
2. दही का पानी बहुत ज्यादा खट्टा नहीं होना चाहिए.
3. दूध को गैस बंद करने के बाद ही दही का पानी मिलाएं.
4. छेने को ज्यादा देर तक दबाकर न रखें, इससे वह सख्त हो सकता है.
5. मिठाई बनाने के लिए छेना हल्का नम और मुलायम होना चाहिए.

किन चीजों में कर सकते हैं इस्तेमाल?
इस तरीके से बना छेना रसगुल्ला, रसमलाई, संदेश, चमचम, कलाकंद और सॉफ्ट पनीर बनाने के लिए बढ़िया रहता है. इसकी बनावट इतनी मुलायम होती है कि मिठाई खाने वाला भी फर्क महसूस कर लेता है, अगर आप पहली बार घर पर मिठाई बनाने की सोच रहे हैं, तो यह तरीका आपके लिए सबसे आसान साबित हो सकता है.



Source link

Write A Comment