Last Updated:

Bitter Gourd Pickle Recipe: करेले का अचार न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसमें किसी भी तरह के कृत्रिम रंग या प्रिजर्वेटिव का इस्तेमाल नहीं किया जाता. यही कारण है कि यह बाजार में मिलने वाले अचार की तुलना में अधिक शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है. खाने के साथ इसका स्वाद लोगों को बहुत पसंद आता है और इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है. तो आइये जानते है इसे बनाने की पूरी विधि.

गोंडा: भारतीय थाली में अचार का अपना अलग स्वाद और महत्व है. आम, नींबू और मिर्च का अचार तो लगभग हर घर में बनता है, लेकिन करेले का अचार भी स्वाद और सेहत दोनों के लिए फायदेमंद माना जाता है. हालांकि करेले की कड़वाहट के कारण कई लोग इसे पसंद नहीं करते, लेकिन सही तरीके से बना करेले का अचार बेहद स्वादिष्ट होता है. गोंडा की संजू मिश्रा ने करेले का स्वादिष्ट और लंबे समय तक सुरक्षित रहने वाला अचार बनाने की आसान विधि साझा की है. जिसे कोई भी घर पर बना सकता है.

लोकल 18 से बातचीत में संजू मिश्रा बताती है कि अचार बनाने के लिए सबसे पहले ताजे, हरे और अच्छी गुणवत्ता वाले करेले चुनें. करेलों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें, ताकि उन पर लगी धूल-मिट्टी पूरी तरह हट जाए. इसके बाद करेलों को अपनी पसंद के अनुसार गोल या लंबाई में काट लें. करेले की कड़वाहट कम करने के लिए उन्हें स्टीम करना बहुत जरूरी है. कटे हुए करेले को भाप में पकाएं. उन्हें इतना स्टीम करें कि हाथ से दबाने पर आसानी से टूट जाएं. इससे उनकी अतिरिक्त कड़वाहट काफी हद तक कम हो जाती है और अचार का स्वाद बेहतर हो जाता है.

स्टीम करने के बाद करेले को कुछ समय के लिए धूप में सूखने के लिए रख दें. धूप में सुखाने से उनमें मौजूद अतिरिक्त नमी निकल जाती है. जिससे अचार लंबे समय तक खराब नहीं होता. जब करेले हल्के सूख जाएं. तब अचार के मसाले तैयार करें.

इन मसालों का करें इस्तेमाल
संजू बताती है कि यह मसाला 5 किलो करेले के अचार के लिए पर्याप्त है. मसाला तैयार करने के लिए लगभग 50 ग्राम धनिया, 200 ग्राम सौंफ, 100 ग्राम जीरा, 25 ग्राम मेथी, 10 ग्राम मंगरेल, 10 ग्राम अजवाइन, 100 ग्राम काली सरसों, 100 ग्राम पीली सरसों, 200 ग्राम काली मिर्च और 400 ग्राम नमक लिया जाता है. सभी खड़े मसालों में से एक-एक चम्मच अलग निकाल लें. बाकी मसालों को पीसकर बारीक पाउडर बना लें. बाद में जो खड़े मसाले अलग रखे गए हैं, उन्हें भी अचार में डाल दें. इससे अचार का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते है.

अचार का स्वाद बढ़ाने और उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए सरसों का तेल जरूरी है. सरसों के तेल को पहले अच्छी तरह गर्म करें और फिर ठंडा होने दें. ठंडा तेल मसाला लगे करेले में डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मसाला और तेल हर टुकड़े पर बराबर चढ़ जाए.

तैयार अचार को साफ और सूखे कांच के जार में भरें. जार भरने के बाद इसे 4 से 5 दिनों तक धूप में रखें. इस दौरान दिन में एक बार साफ चम्मच से अचार को हिलाते रहें, ताकि मसाले और तेल अच्छी तरह मिलते रहें. कुछ दिनों बाद अचार पूरी तरह तैयार हो जाता है.

संजू का कहना है कि घर पर बनाया गया करेले का अचार न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसमें किसी भी तरह के कृत्रिम रंग या प्रिजर्वेटिव का इस्तेमाल नहीं किया जाता. यही कारण है कि यह बाजार में मिलने वाले अचार की तुलना में अधिक शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है. खाने के साथ इसका स्वाद लोगों को बहुत पसंद आता है और इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है.

About the Author

Manish Rai

काशी के बगल चंदौली से ताल्लुक रखते है. बिजेनस, सेहत, स्पोर्टस, राजनीति, लाइफस्टाइल और ट्रैवल से जुड़ी खबरें पढ़ना पसंद है. मीडिया में करियर की शुरुआत ईटीवी भारत हैदराबाद से हुई. अभी लोकल18 यूपी के कॉर्डिनेटर की…और पढ़ें



Source link

Write A Comment