Last Updated:

Pakodi Recipe: अगर आप भी बरसात के इस सीजन में चंबल के इस पारंपरिक स्वाद को अपने घर पर चखना चाहते हैं, तो इसकी रेसिपी बहुत आसान है. पकौड़ी बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा समय नहीं लगेगा.

शिवपुरी. आसमान से बरसती रिमझिम फुहारें हों और ऐसे सुहावने मौसम में घर पर गरमागरम पकौड़ी बनकर तैयार हो जाएं, तो स्वाद का मजा दोगुना हो जाता है. बारिश के इस खास सीजन में न सिर्फ जुबान का जायका बदलता है बल्कि दिल भी खुशियों से भर जाता है. आज हम बात कर रहे हैं मध्य प्रदेश के चंबल अंचल की, जहां बरसात के दिनों में एक खास पकौड़ी का सबसे ज्यादा क्रेज देखने को मिलता है. मानसून के दस्तक देते ही चंबल क्षेत्र के हर दूसरे घर में इस पारंपरिक और स्वादिष्ट पकौड़ी की खुशबू महकने लगती है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बनाने में किसी तामझाम की जरूरत नहीं होती और यह महज पांच मिनट की फटाफट बनकर तैयार हो जाती है.

इस पकौड़ी का स्वाद ऐसा होता है कि जो एक बार चख ले, वह इसका दीवाना हो जाए. यही वजह है कि स्थानीय स्तर पर चाहें घर के बुजुर्ग हों, नौजवान हों या फिर छोटे बच्चे, यह गरमागरम पकौड़ी हर उम्र के लोगों को खूब भाती है. रिमझिम फुहारों के बीच चाय की चुस्कियों के साथ इस पकौड़ी का लुत्फ उठाना यहां की जीवनशैली का एक हिस्सा बन चुका है.

पकौड़ी बनाने का सबसे आसान तरीका
अगर आप भी इस मानसूनी सीजन में चंबल के इस पारंपरिक स्वाद को अपने घर पर चखना चाहते हैं, तो इसकी रेसिपी बेहद सरल है. इसे बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा समय खर्च करने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है. सबसे पहले एक बर्तन में आवश्यकतानुसार बेसन ले लीजिए. बेसन में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए उसे अच्छी तरह से हाथों या चम्मच की मदद से मथ (फेंट) लीजिए. ध्यान रहे कि बेसन का घोल न तो बहुत ज्यादा गाढ़ा हो और न ही बहुत ज्यादा पतला.

सौंफ और अजवाइन भी डालें
जब बेसन अच्छी तरह से मथ जाए, तब इसमें बारीक कटी हुई हरी मिर्च, हरा धनिया, बारीक कटे प्याज और आलू के टुकड़े मिला दें. इसके साथ ही स्वाद और पाचक गुणों को बढ़ाने के लिए इसमें सौंफ और अजवाइन डाल दें, जो इस पकौड़ी के स्वाद को असली देसी टच देते हैं. अब आपकी सामग्री का शानदार मिश्रण पूरी तरह से तैयार है.

सुनहरा होने तक तलें
दूसरी तरफ गैस पर कड़ाही में तेल गर्म होने के लिए रख दें. जैसे ही तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, इस मिश्रण से छोटी-छोटी पकौड़ियां सीधे कढ़ाई में छोड़ते जाएं. धीमी और मध्यम आंच पर इसे सुनहरा होने तक अच्छी तरह से तल लें. बस पांच मिनट के भीतर आपकी शानदार और कुरकुरी पकौड़ियां बनकर तैयार हैं. इसे सीधे कड़ाही से निकालें और तीखी चटनी या गरमागरम चाय के साथ परोसें.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link

Write A Comment