Last Updated:

Mithila Dahi Kadhi Recipe: बिहार के मिथिलांचल की रसोई का जिक्र हो और वहां की पारंपरिक दही-कढ़ी की बात न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. ताजे गाढ़े दही और बेसन के लाजवाब घोल में जब प्याज, हरी मिर्च, अदरक, करी पत्ता और सीक्रेट मसालों का तड़का लगता है, तो इसकी खुशबू पूरे घर को महका देती है. धीमी आंच पर प्यार से पकाई जाने वाली इस कढ़ी को जब गरमा-गरम चावल या रोटी के साथ परोसा जाता है, तो स्वाद दुगुना हो जाता है. जानिए मिथिला की इस पारंपरिक और लोक-प्रसिद्ध दही-कढ़ी को बनाने का असली और देसी तरीका.

दरभंगा: मिथिलांचल की धरती परंपराओं और स्वाद से भरी है. यहां मान्यता है कि किसी भी शुभ कार्य पर निकलने से पहले दही खाना शुभ होता है. कहा जाता है कि इससे चंद्रमा मजबूत होता है और काम सफल होता है. इसलिए यहां दही सिर्फ सेवन नहीं, संस्कार है. इसी दही से बनती है वो लाजवाब सब्जी. जिसे खाकर घर आए मेहमान भी तारीफ किए बिना नहीं रह पाते. नाम है दही की कढ़ी. मिथिला की गृहणी रीना चौधरी बताती हैं कि कढ़ी-चावल या कढ़ी-रोटी का जोड़ मिथिलांचल के हर घर की शान है. त्योहार हो या रोज का खाना, अतिथि के सामने जब गरमागरम कढ़ी परोसी जाती है तो माहौल ही महक उठता है.

बनाने की सरल विधि
सबसे पहले 1 किलो ताजा दही लें. ध्यान रहे, दही खट्टी न हो, ताजी हो वरना कढ़ी फट सकती है. इसमें 100 ग्राम बेसन मिलाएं और गांठ न रहे. इस तरह फेंट लें. अब इसमें 2 लीटर पानी डालकर घोल तैयार कर लें. कढ़ाई को गैस पर चढ़ाएं. थोड़ा सरसों का तेल गरम करें. उसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, कसा हुआ अदरक और करी पत्ता डालकर भूनें. खुशबू उठते ही तैयार दही-बेसन का घोल धीरे-धीरे डाल दें. अब हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर लगातार चलाते रहें. रीना चौधरी कहती हैं कि कढ़ी बनाने का सबसे बड़ा मंत्र है कम से कम आधा घंटा धीमी आंच पर लगातार चलाना. इससे दही फटती नहीं और कढ़ी एकदम मलाईदार बनती है.

स्वाद का जादू
जब कढ़ी गाढ़ी हो जाए और बेसन की कच्ची महक चली जाए समझिए तैयार है. ऊपर से हींग-जीरे का तड़का और हरा धनिया डाल दें. गरम-गरम चावल के साथ परोसें या रोटी के साथ खाएं. हर निवाला बेमिसाल लगता है.
मिथिलांचल की यह दही-कढ़ी सिर्फ पेट नहीं भरती, रिश्तों में मिठास भी घोलती है. अगली बार मेहमान आएं तो जरूर बनाइए. तारीफ तो पक्की है.

About the Author

Amit ranjan

मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें



Source link

Write A Comment