Aam Ki Langi: गर्मियों का मौसम आते ही विंध्य की रसोई में कच्चे आम की चर्चा शुरू हो जाती है. अगर आप भी कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो खट्टा, मीठा और झटपट तैयार हो जाए, तो आम की लौंजी आपके लिए बेस्ट है. यह डिश न केवल खाने का स्वाद बढ़ाती है, बल्कि इसे लंबे समय तक सुरक्षित भी रखा जा सकता है. साधारण भाषा में लोग इसे कच्चे आम की सब्जी भी कहते हैं.
नोट करें जरूरी सामग्री
कच्चा आम: 1 किलो
गुड़: 1 किलो
जीरा, सौंफ और कलौंजी: 1-1 छोटा चम्मच
सूखी लाल मिर्च: 4 पीस
तेज पत्ता: 1 साबुत
मसाले: भुना जीरा पाउडर (1 चम्मच), लाल मिर्च पाउडर (आधा चम्मच), हल्दी (आधा चम्मच), हींग (चुटकी भर), चाट मसाला (आधा चम्मच)
नमक: काला नमक और सादा नमक (स्वादानुसार)
तेल: 2 बड़े चम्मच
पानी: 1 गिलास
जानें बनाने की विधि
स्टेप 1: सबसे पहले एक किलो कच्चे आम को पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद आम के छिलके उतार लें. अब सभी आम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.
स्टेप 2: अब गैस जलाएं और कड़ाही रखें. इसमें दो चम्मच तेल डालें. जब तेल गर्म हो जाए, तब इसमें जीरा, सौंफ, कलौंजी, सूखी लाल मिर्च और तेजपत्ता का तड़का दें.
स्टेप 3: जब मसाले चटकने लगें, तो इसमें कटे हुए आम के टुकड़े डालें. आम को अच्छी तरह से चलाएं. जब आम हल्का गलने लगे, तब इसमें भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक, हल्दी और हींग मिलाएं. अब इसमें आवश्यकतानुसार पानी डालें और ढक दें.
स्टेप 4: थोड़ी देर बाद इसमें एक किलो गुड़ डालें. गैस की आंच धीमी कर दें और इसे दोबारा ढक दें. करीब दस मिनट बाद जब गुड़ पूरी तरह से पिघल जाए, तब इसे एक बार फिर अच्छी तरह मिलाएं.
स्टेप 5: अब इसमें चाट मसाला डालें और कुछ देर पकने दें. एक बार चेक कर लें कि आम अच्छी तरह पक गया है या नहीं. पकने के बाद गैस बंद कर दें.
परोसने और स्टोर करने का तरीका
आप इस गर्मागर्म खट्टी-मीठी आम की लौंजी को रोटी, पराठा या दाल-चावल के साथ परोस सकते हैं. लौंजी को हफ्तों तक खा सकते हैं. इसे एयर टाइट कंटेनर में भरकर रखें. अगर आप इसे बिना फ्रिज के रखना चाहते हैं, तो नमी से बचाएं और एयरटाइट जार में रखें. इससे यह महीनों तक सुरक्षित रहेगी. फ्रिज में रखने पर यह एक महीने से भी ज्यादा समय तक ताजी बनी रहती है.