Last Updated:
Jamshedpur Famous Nonveg Pakora Shop: जमशेदपुर के आदित्यपुर इमली चौक पर सम्राट राय का नॉनवेज पकौड़ों का स्टॉल लगता है जो अपने किफायती दाम और खास स्वाद के लिए जाना जाता है. वैसे तो यहां बहुत से आइटम मिलते हैं पर चिकन स्प्रिंग रोल और फिश कटलेट की बहुत मांग रहती है.
जमशेदपुर. अगर आप नॉनवेज खाने के शौकीन हैं और कुछ अलग स्वाद की तलाश में हैं, तो जमशेदपुर के आदित्यपुर स्थित इमली चौक आपके लिए एक बेहतरीन जगह हो सकती है. यहां हर दिन शाम करीब 5 बजे सम्राट राय अपनी खास नॉनवेज पकोड़ों की दुकान लगाते हैं. स्वाद और गुणवत्ता के कारण लोग उन्हें प्यार से ‘पकोड़ा किंग’ के नाम से बुलाते हैं. यहां बहुत सी वैरायटी के पकौड़े मिलते हैं और ग्राहकों का कहना है कि सबका स्वाद लाजवाब होता है.
किफायती दाम में जबरदस्त स्वाद
सम्राट राय की दुकान पर नॉनवेज स्नैक्स की कई तरह की वैरायटी मिलती है. यहां अंडा पकोड़ा, चिकन पकोड़ा, मछली पकोड़ा, चिंगरी पकोड़ा, स्प्रिंग रोल, चिकन कटलेट, वेज कटलेट और सुरमई फ्राई जैसी कई स्वादिष्ट चीजें उपलब्ध हैं. खास बात यह है कि इनका स्वाद जितना बेहतरीन है, कीमत उतनी ही किफायती है. अधिकांश पकोड़े मात्र 30 रुपये में मिल जाते हैं, जबकि स्वादिष्ट चिकन स्प्रिंग रोल की कीमत सिर्फ 35 रुपये है.
साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है
सम्राट राय बताते हैं कि वे अपने ग्राहकों को हमेशा ताजा और अच्छी गुणवत्ता वाला भोजन देने की कोशिश करते हैं. पकोड़े बनाने में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है और अच्छी गुणवत्ता वाले तेल का उपयोग किया जाता है. यही वजह है कि उनकी दुकान पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं.
दुकान सजने से पहले, पहुंच जाते ग्राहक
शाम होते ही दुकान के आसपास ग्राहकों की भीड़ लगने लगती है. कई लोग तो सम्राट राय के आने से पहले ही वहां पहुंच जाते हैं और उनके स्टॉल लगने का इंतजार करते हैं. स्थानीय लोगों के बीच उनकी दुकान की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है. आसपास के इलाकों से भी लोग उनके पकोड़ों का स्वाद लेने पहुंचते हैं.
चिकन स्प्रिंग रोल और फिश कटलेट का जवाब नहीं
ग्राहकों का कहना है कि यहां मिलने वाला चिकन स्प्रिंग रोल बेहद स्वादिष्ट होता है. उनका मानना है कि इतना अच्छा स्वाद बड़े-बड़े होटलों में भी आसानी से नहीं मिलता. वहीं, यहां का फिश कटलेट भी लोगों की पसंदीदा डिश में शामिल है. ग्राहक बताते हैं कि फिश कटलेट का स्वाद इतना लाजवाब होता है कि एक बार खाने के बाद लोग दोबारा जरूर आते हैं.
एक बार जरूर चखें स्वाद
स्वाद, गुणवत्ता, साफ-सफाई और किफायती कीमत के कारण सम्राट राय का यह स्टॉल आदित्यपुर के लोगों के बीच खास पहचान बना चुका है. अगर आप भी नॉनवेज स्नैक्स के शौकीन हैं, तो एक बार पकोड़ा किंग के इन स्वादिष्ट पकोड़ों का स्वाद जरूर चखें. हो सकता है कि आप भी उनके नियमित ग्राहकों में शामिल हो जाएं.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें