Last Updated:

Satna News: इस चटनी का असली स्वाद इसके दरदरेपन में है. अगर आप मिक्सी का उपयोग कर रहे हैं, तो आम की फांकें, पुदीना, प्याज, हरी मिर्च, धनिया, भुना जीरा, काला नमक और नींबू का रस एक साथ जार में डाल दें. इसमें पानी बिल्कुल नहीं डालना है.

सतना. गर्मियों का मौसम आते ही रसोई में कुछ ऐसा ढूंढने की चाह बढ़ जाती है, जो खाने का स्वाद भी बढ़ाए और शरीर को अंदर से ठंडक भी दे. ऐसे में बघेलखंड के गांवों और कस्बों से निकलकर आई कच्चे आम और पुदीने की तीखी चटनी से बेहतर भला क्या हो सकता है. लोकल 18 से बात करते हुए सतना निवासी मंजू द्विवेदी ने इस पारंपरिक बघेलखंडी स्वाद के बारे में बताते हुए कहा कि यह चटनी सिर्फ एक साइड डिश नहीं है बल्कि तपती गर्मी में आपके पेट और सेहत की रक्षा करने वाला एक अचूक नुस्खा भी है. इस चटनी को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं है, बस घर की रसोई में मौजूद कुछ ताजी चीजों से ही काम चल जाएगा. इसके लिए आपको चाहिए एक बढ़िया हरा कच्चा आम, जिसे अच्छे से धोकर और छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लेना है. साथ ही एक कप एकदम ताजा पुदीने की पत्तियां, आधा कप हरा धनिया, एक छोटा कटा हुआ प्याज और तीखेपन के लिए दो से तीन हरी मिर्च ले लें. स्वाद और पाचक गुणों को बढ़ाने के लिए हमें चाहिए एक चम्मच काला नमक, आधा चम्मच भुना हुआ जीरा और एक चम्मच नींबू का रस.

उन्होंने कहा कि इस चटनी का असली स्वाद इसके दरदरेपन में छिपा है. अगर आप मिक्सी का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो कटी हुई आम की फांकें, प्याज, पुदीना, धनिया, हरी मिर्च, काला नमक, भुना जीरा और नींबू का रस एक साथ जार में डाल दें. ध्यान रहे कि इसमें पानी बिल्कुल नहीं डालना है या जरूरत पड़ने पर सिर्फ एक-दो चम्मच पानी ही इस्तेमाल करें. मिक्सी को लगातार चलाने के बजाय रोक-रोककर चलाएं ताकि चटनी एकदम बारीक पेस्ट न बने बल्कि दरदरी पिसे. वैसे अगर आपके घर में सिलबट्टा है, तो चटनी उसी पर पीसें क्योंकि सिलबट्टे पर पीसने से आम और पुदीने का नैचुरल ऑयल बाहर आता है, जो मिक्सी में नहीं मिल पाता. इसके अलावा आप आम और प्याज का झटपट सलाद भी बना सकते हैं, जिसमें इन सभी चीजों को पीसने के बजाय बस बारीक काटकर, नींबू का रस, काला नमक और हल्की सी चीनी मिलाकर तैयार किया जाता है.

गर्मियों में वरदान है यह चटनी
यह बघेलखंडी चटनी सिर्फ जीभ का स्वाद ही नहीं बदलती बल्कि सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है. गर्मियों में जब तेज लू चलती है और धूप के कारण शरीर का तापमान बढ़ने लगता है, तब कच्चा आम और पुदीना मिलकर शरीर को अंदर से ठंडा रखने का काम करते हैं. इसमें मौजूद काला नमक और नींबू का रस शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते और पेट में गैस या अपच जैसी समस्याओं को दूर रखते हैं. वहीं प्याज खाने से लू लगने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है.

हर निवाले का मजा होगा दोगुना
जब यह तीखी, खट्टी और चटपटी चटनी बनकर तैयार हो जाए, तो आप इसे किसी भी भोजन के साथ परोस सकते हैं. लंच में सादी रोटी, कड़क पराठे या फिर दाल-चावल के साथ यह चटनी थाली का स्वाद चार गुना बढ़ा देती है. अगर आप शाम के वक्त समोसे, पकोड़े या कोई स्नैक्स खा रहे हैं, तो उसके साथ भी यह ठंडी-ठंडी चटनी बेहतरीन कॉम्बिनेशन बनाती है. इस चटनी को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए आप इसे किसी कांच के एयरटाइट डिब्बे में बंद करके फ्रिज में रख सकते हैं, जिससे इसकी ताजगी और खुशबू कई दिनों तक बरकरार रहेगी.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link

Write A Comment