Last Updated:
झुमरी तिलैया के केसरिया कलाकंद को GI टैग मिल गया है. इससे इस पारंपरिक मिठाई की मांग देशभर में बढ़ गई है. ग्राहकों के भारी उत्साह के बीच अब इसका नया ‘चॉकलेट फ्लेवर’ और ‘गुड़ कलाकंद’ भी लॉन्च किया गया है. इसकी कीमत 520 रुपये प्रति किलो है.
कोडरमा: झारखंड के पहले और फिलहाल एकमात्र खाद्य उत्पाद झुमरी तिलैया के प्रसिद्ध केसरिया कलाकंद को जीआई टैग मिलने के बाद लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. जीआई टैग मिलने के बाद इस पारंपरिक मिठाई की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है. इसका असर यह है कि अब देश के विभिन्न राज्यों से लोग केसरिया कलाकंद के स्वाद, इसकी खासियत और खरीदारी को लेकर लगातार जानकारी ले रहे हैं. कई ग्राहक सीधे मिठाई विक्रेताओं को फोन कर ऑर्डर भी दे रहे हैं.
जीआई टैग मिलने के बाद केसरिया कलाकंद की डिमांड बढ़ी
जीआई टैग की प्रक्रिया के दौरान गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के परीक्षण के लिए कोडरमा की कई प्रतिष्ठित मिठाई दुकानों से केसरिया कलाकंद के नमूने भेजे गए थे. इनमें कन्हैया मिष्ठान का सैंपल भी शामिल था. निर्धारित मानकों पर खरा उतरने के बाद झुमरी तिलैया के केसरिया कलाकंद को यह प्रतिष्ठित पहचान मिली. जिससे स्थानीय मिठाई व्यवसाय को नई पहचान और बाजार मिला है. कन्हैया मिष्ठान के संचालक अभिषेक सेठ ने बताया कि पहले ग्राहक सामान्य कलाकंद खरीदने के लिए दुकान पर आते थे. लेकिन जीआई टैग मिलने के बाद अब लोग विशेष रूप से जीआई टैग वाला केसरिया कलाकंद मांग रहे हैं. कई ग्राहक इसकी विशेषता जानने के साथ-साथ इसे उपहार के रूप में भी खरीद रहे हैं. उन्होंने बताया कि कोडरमा की पानी और वातावरण यहां तैयार होने वाले कलाकंद को विशेष बनता है.
अब चॉकलेट फ्लेवर में भी हुआ लॉन्च, कई अन्य फ्लेवर भी होंगे लॉन्च
अभिषेक सेठ ने बताया कि ग्राहकों की बदलती पसंद को देखते हुए उनकी दुकान पर पहले से शुगर फ्री कलाकंद उपलब्ध कराया जा रहा था. अब बढ़ती मांग के बीच ग्राहकों को नए स्वाद का अनुभव देने के लिए चॉकलेट फ्लेवर और गुड़ से तैयार कलाकंद भी लॉन्च किया गया है. उन्होंने बताया कि केसरिया कलाकंद की कीमत 520 प्रति किलोग्राम निर्धारित की गई है. जिन शहरों और राज्यों तक कोडरमा से सीधी परिवहन सुविधा उपलब्ध है. वहां ग्राहकों के ऑर्डर पर कलाकंद भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि सामान्य तापमान पर यह मिठाई लगभग 24 घंटे तक सुरक्षित रहती है. जबकि फ्रिज में रखने पर इसकी गुणवत्ता और स्वाद कई दिनों तक बरकरार रहता है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.