सोमवार को हुए भारी बवाल के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर खाली करवा लिया था। हालांकि देर रात एक बार फिर से प्रदर्शनकारी वहां पर जुटने लगे, पुलिस ने भी किसी को नहीं रोका। वहीं आज कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन एक बार फिर से शुरू हो गया है। पुलिस का कहना है कि शांति पूर्वक प्रदर्शन करने वालों को नहीं रोका जाएगा और ये भी साफ कर दिया है कि अगर किसी तरह का बवाल किया गया तो ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। एक तरफ प्रदर्शनकारियों ने फिर से मंच बना लिया है, तो वहीं पुलिस ने भी सुरक्षा को बढ़ा दिया है।
जंतर मंतर की ओर जाने वाले रास्ते खुले हैं, लेकिन संसद भवन की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सोमवार को सीजेपी के नेताओं ने केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। CJP के प्रवक्ता ने कहा है कि सरकार ने उन्हें विचार का भरोसा दिया है। हालांकि रात को प्रदर्शनकारियों के बीच अभिजीत दीपके ने कहा कि अब सरकार से कोई बात नहीं होगी, जिसे भी बात करनी होगी वो जंतर-मंतर पर आएगा। साथ ही आज विपक्ष के कई नेता जंतर-मंतर पर पहुंच सकते हैं। कुल मिलाकर आज पुलिस बेहद सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने की तैयारी कर रही है।