होमफोटोलाइफ़फूड

जमशेदपुर का ये इलाका है फूड हब! स्टेशन के बाहर 50 मीटर में मिलेगा 50 फूड शॉप

Last Updated:

Jamshedpur Famous Food Shops: जमशेदपुर के टाटानगर स्टेशन के बाहर 50 मीटर पर यात्रियों के लिए स्वादिष्ट और विविध भोजन के कई विकल्प उपलब्ध हैं, जिनमें लिट्टी-चोखा, फास्ट फूड और पारंपरिक व्यंजन शामिल हैं. यहां स्वाद के दीवानों की हमेशा लाइन लगी रहती है. आइये जानते हैं यहां आपको क्या-क्या मिल सकता है.

झारखंड के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल टाटानगर स्टेशन से हर दिन हजारों यात्री देश के अलग-अलग शहरों के लिए सफर करते हैं. कई यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेन होती है, जबकि कई बार ट्रेनें घंटों लेट भी हो जाती हैं. ऐसे में लोगों को स्टेशन परिसर में लंबा समय बिताना पड़ता है. यात्रा के दौरान सबसे बड़ी जरूरत अच्छे और स्वादिष्ट भोजन की होती है, लेकिन अक्सर यात्री स्टेशन के अंदर उपलब्ध सीमित मेनू से संतुष्ट नहीं हो पाते. ऐसे में वे कुछ अलग और ताजा खाने की तलाश करते हैं.

यदि आप भी टाटानगर स्टेशन पर हैं और अच्छा भोजन ढूंढ रहे हैं, तो आपको ज्यादा दूर जाने की जरूरत नहीं है. स्टेशन के मुख्य द्वार से बाहर निकलते ही मात्र 50 मीटर की दूरी पर खाने-पीने की कई बेहतरीन दुकानें मौजूद हैं. यहां सुबह से लेकर देर रात तक यात्रियों की भीड़ लगी रहती है. खास बात यह है कि यहां हर वर्ग और हर बजट के लोगों के लिए खाने के कई विकल्प उपलब्ध हैं.

स्टेशन रोड पार करते ही सबसे पहले आपको बिहार और झारखंड का प्रसिद्ध व्यंजन लिट्टी-चोखा देखने को मिलेगा. इसके साथ सत्तू का शरबत और सत्तू से बने अन्य व्यंजन भी आसानी से मिल जाते हैं. सुबह के समय यहां गर्मागर्म आलू पराठा और दही का स्वाद लेने के लिए लोगों की अच्छी-खासी भीड़ जुटती है. कई यात्री अपनी ट्रेन का इंतजार करते हुए नाश्ते का आनंद लेते नजर आते हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

जो लोग फास्ट फूड पसंद करते हैं, उनके लिए भी यहां कई विकल्प मौजूद हैं. चाऊमीन, फ्राइड राइस, मंचूरियन और अन्य इंडो-चाइनीज व्यंजन आसानी से उपलब्ध हैं. युवा वर्ग और छात्र इन दुकानों पर सबसे ज्यादा दिखाई देते हैं. कम कीमत में भरपेट भोजन मिलने के कारण यह क्षेत्र यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय बन चुका है.

दोपहर और रात के भोजन के लिए भी यहां पर्याप्त व्यवस्था है. चिकन बिरयानी, दाल-भात, सब्जी, भुजिया और अन्य पारंपरिक भोजन आसानी से मिल जाते है. कई दुकानदार ताजा भोजन बनाकर परोसते हैं, जिससे यात्रियों को घर जैसा स्वाद महसूस होता है. लंबी यात्रा पर निकलने वाले लोग अक्सर यहां से खाना पैक करवाकर भी ले जाते हैं.

खाने के साथ-साथ नाश्ते और मिठाइयों की भी भरपूर व्यवस्था है. समोसा, कचौड़ी, जलेबी, रसगुल्ला और कई तरह की मिठाइयां यहां आसानी से मिल जाती हैं. यही वजह है कि टाटानगर स्टेशन के बाहर का यह इलाका यात्रियों के लिए एक छोटे फूड हब के रूप में पहचान बना चुका है. यदि आपकी ट्रेन लेट है या कनेक्टिंग ट्रेन का इंतजार करना है, तो स्टेशन से मात्र 50 मीटर दूर यह जगह स्वादिष्ट और विविधतापूर्ण भोजन का बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment