Last Updated:

Jamshedpur Famous Lunch: जमशेदपुर में डायमंड गोल चक्कर के पास लंगर स्टाइल में पंजाबी लंच परोसा जाता है. इस खाने की खासियत घर जैसा स्वाद है जो युवाओं को खासा पसंद आता है. एक प्लेट की कीमत 60 रुपये है. इनके मेन्यू में कढ़ी पकौड़ा, राजमा, चावल, रोटी और प्याज रहता है.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. जमशेदपुर में अगर आप दोपहर के समय कुछ ऐसा खाना चाहते हैं, जिसमें आपको पंजाबी स्वाद के साथ घर जैसा अपनापन भी मिले, तो डायमंड गोल चक्कर के पास लगने वाला पंजाबी लंच आपके लिए एक बेहतरीन जगह हो सकता है. यहां रोजाना दोपहर 11 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक लंगर स्टाइल में स्वादिष्ट पंजाबी भोजन परोसा जाता है. रघुवीर जी द्वारा संचालित इस छोटे से लंच सेटअप में अमृतसर के स्वाद की झलक देखने को मिलती है. खास बात यह है कि यहां खाना स्वादिष्ट होने के साथ-साथ घर की शुद्धता भी समेटे हुए है. अगर 4 बजे के पहले स्टॉक खत्म हो जाता है तो आपको खाली हाथ लौटना पड़ सकता है.

घर से दूर, घर जैसा स्वाद
यहां के लंच में पिंडी छोले, राजमा, कढ़ी पकोड़ा, चावल और रोटी जैसे कई स्वादिष्ट व्यंजन शामिल होते हैं. इसके साथ चटपटे अचार और प्याज का स्वाद खाने को और भी खास बना देता है. गर्मागर्म राजमा-चावल, मसालेदार पिंडी छोले और कढ़ी पकोड़े का स्वाद लोगों को काफी पसंद आ रहा है. लंगर स्टाइल में मिलने वाला यह खाना खासकर उन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जो घर से दूर रहकर नौकरी या दूसरे काम करते हैं.

कर चुके हैं नौकरी
इस पंजाबी लंच की कहानी भी काफी दिलचस्प है. संचालक रघुवीर जी बताते हैं कि उन्होंने करीब 20 साल तक एक कंपनी में नौकरी की. इसके बाद कुछ वर्षों तक गाड़ियां चलाने का काम भी किया और अच्छी कमाई की, लेकिन उन्हें महसूस हुआ कि जिंदगी में वह संतुष्टि नहीं मिल रही थी, जिसकी उन्हें तलाश थी. इसी सोच के साथ उन्होंने कुछ अलग करने का फैसला किया. उन्होंने एक छोटी सी पिकअप वैन खरीदी और उसमें अपने हाथों से तैयार किए गए स्वादिष्ट पंजाबी व्यंजनों को लोड कर लोगों तक पहुंचाना शुरू कर दिया.

कई बार दो घंटे में हो जाता है खत्म
धीरे-धीरे लोगों को उनके खाने का स्वाद पसंद आने लगा और आज डायमंड गोल चक्कर के पास दोपहर के समय उनके ठेले के आसपास लोगों की भीड़ देखने को मिलती है. रघुवीर जी बताते हैं कि कई बार उनका पूरा खाना महज दो घंटे के अंदर ही खत्म हो जाता है. यानी दोपहर 11 बजे से शुरू होने वाला यह लंच कई दिनों में दोपहर 1 बजे तक ही लगभग बिक जाता है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोगों के बीच इस पंजाबी खाने की कितनी डिमांड है.

टेस्टी है यहां का खाना
यहां राजमा-चावल खाने पहुंचे रोहन बताते हैं कि खाने का स्वाद बिल्कुल घर जैसा लगता है. उनका कहना है कि नौकरी के कारण कई लोग अपने घर और परिवार से दूर रहते हैं और उन्हें घर के खाने की कमी महसूस होती है. ऐसे में इस तरह का खाना उन्हें घर की याद दिलाता है. खासकर राजमा-चावल और कढ़ी पकोड़ा उन्हें काफी पसंद आया. उनका कहना है कि खाना स्वादिष्ट होने के साथ पेट भी अच्छी तरह भर देता है.

ये है लोकेशन
डायमंड गोल चक्कर के पास मिलने वाला यह पंजाबी लंच अब सिर्फ खाना बेचने का जरिया नहीं, बल्कि रघुवीर जी की मेहनत और अपने मन का काम करने की कहानी भी बन चुका है. एक नौकरी और ड्राइविंग के बाद उन्होंने अपने छोटे से पिकअप वैन से इस सफर की शुरुआत की और आज उनके पंजाबी स्वाद के लिए लोग दोपहर में इंतजार करते हैं. अगर आप भी अमृतसर के अंदाज का लंगर स्टाइल पंजाबी खाना चखना चाहते हैं, तो दोपहर 11 बजे से 4 बजे के बीच डायमंड गोल चक्कर के पास इस पंजाबी लंच का स्वाद जरूर ले सकते हैं.

About the Author

Raina Shukla

Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment