Last Updated:

जमशेदपुर के लोको मोड़ पर ‘सनातन मन्ना फ्राइड चिकन’ स्टॉल है. यहां शाम को नॉनवेज लवर्स की भारी भीड़ लगती है. दुकान खुलने के महज तीन घंटे में सारा चिकन बिक जाता है. यहां ग्राहकों के सामने ताजा और जूसी चिकन तैयार होता है. इसकी कीमत भी मात्र ₹25 से शुरू होती है.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुरः जमशेदपुर में खाने-पीने के शौकीनों की कोई कमी नहीं है, खासकर नॉनवेज प्रेमियों की. यदि आप भी फ्राइड चिकन खाने के शौकीन हैं, तो लोको मोड़ स्थित सनातन मन्ना फ्राइड चिकन आपके लिए एक बेहतरीन ठिकाना हो सकता है. यहां का स्वाद ऐसा है कि शाम होते ही लोगों की भीड़ जुटने लगती है. खास बात यह है कि दुकान खुलने के महज तीन घंटे के भीतर ही पूरा स्टॉक खत्म हो जाता है.

सनातन मन्ना की यह छोटी सी दुकान रोजाना शाम करीब 7 बजे खुलती है. जैसे ही कढ़ाई में चिकन फ्राई होना शुरू होता है, उसकी खुशबू आसपास के लोगों को अपनी ओर खींच लेती है. स्थानीय लोगों के अलावा शहर के दूसरे इलाकों से भी लोग यहां सिर्फ फ्राइड चिकन का स्वाद लेने पहुंचते हैं. रात 10 बजे तक आते-आते अधिकतर दिनों में पूरा माल बिक चुका होता है.

कीमत भी बेहद सस्ती
यहां मिलने वाले व्यंजनों की कीमत भी ग्राहकों की जेब पर भारी नहीं पड़ती. एक लेग पीस मात्र 50 रुपये में मिलता है, जबकि विंग पीस की कीमत 25 रुपये है. इसके अलावा चिकन पकोड़ा और पोट कलेजी पकोड़ा 100 रुपये में 250 ग्राम तक उपलब्ध है. कम कीमत और शानदार स्वाद की वजह से यह जगह युवाओं, परिवारों और बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय हो चुकी है.

दुकान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां चिकन ग्राहकों के सामने ताजा तैयार किया जाता है. चिकन को अधिक मसालों में नहीं डुबोया जाता, जिससे उसका प्राकृतिक स्वाद और जूसीनेस बरकरार रहती है. बाहर से हल्की कुरकुरी परत और अंदर से नरम व रसदार चिकन खाने वालों को एक अलग अनुभव देता है. यही वजह है कि एक बार यहां आने वाले ग्राहक बार-बार लौटकर आते हैं.

चटनी के स्वाद के दीवाने हैं लोग
फ्राइड चिकन के साथ परोसी जाने वाली विशेष चटनी भी लोगों को खूब पसंद आती है. हरी मिर्च, पुदीना और धनिया पत्ती से तैयार यह चटनी स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है. चिकन और चटनी का यह मेल ग्राहकों को एक अनोखा फ्लेवर देता है, जिसकी चर्चा अक्सर खाने के शौकीनों के बीच होती है.

यहां पहुंचे ग्राहक रोहित बताते हैं कि जब भी वह इस रास्ते से गुजरते हैं, तो उनके बच्चे फ्राइड चिकन लाने की जिद जरूर करते हैं. उनके अनुसार, ताजा तैयार होने वाला चिकन, संतुलित मसाले और बेहतरीन स्वाद इसे खास बनाते हैं. यही कारण है कि लोको मोड़ का सनातन मन्ना फ्राइड चिकन आज जमशेदपुर के नॉनवेज लवर्स के बीच एक लोकप्रिय नाम बन चुका है.

About the Author

Prashun Singh

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.



Source link

Write A Comment