उत्तरी कश्मीर के बारामूला ज़िले के उरी इलाके में लाइन ऑफ़ कंट्रोल (LoC) के पास एक एक्सीडेंटल माइन ब्लास्ट में सेना के दो जवान घायल हो गए। यह घटना कमलकोट सेक्टर के फॉरवर्ड इलाके में उस समय हुई जब जवान ड्यूटी पर थे। घायलों को तुरंत वहां से निकालकर बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर के बादामीबाग स्थित सेना के बेस हॉस्पिटल एयरलिफ्ट किया गया है।
मामले की हो रही जांच
सूत्रों ने बताया कि सेना के अधिकारी उनकी हालत पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं। सुरक्षा बलों ने इस बात का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि धमाका किन हालात में हुआ और क्या यह कोई हादसा था या LoC के पास किसी दूसरी गतिविधि से जुड़ा था। अधिकारियों ने कहा कि धमाके की वजह की अभी जांच की जा रही है। बता दें कि अभी हाल में अनंतनाग में आतंकी हमले में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया था। लश्कर के आतंकी संगठन यूनाइटेड लिबरेशन काउंसिल ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली थी।
अलग-अलग सड़क हादसों में सुरक्षा बलों के 11 जवान घायल
वहीं एक अन्य घटना में शोपियां और अनंतनाग जिलों में अलग-अलग सड़क हादसों में एक अधिकारी समेत सुरक्षा बलों के कम से कम 11 कर्मी घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात शोपियां जिले के वाची इलाके में सीआरपीएफ और पुलिसकर्मियों को ले जा रहा एक वाहन सड़क से फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि हादसे में सीआरपीएफ के सात जवान घायल हो गए, जिनमें एक निरीक्षक भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में अनंतनाग जिले के पहलगाम में एक वैन बेकाबू होकर आईटीबीपी के अस्थायी बंकर से टकरा गई, जिससे तीन जवान घायल हो गए और चालक को भी चोटें आईं। अधिकारियों ने इस घटना में किसी भी तरह की साज़िश की आशंका को खारिज किया है।
ये भी पढ़ेंः अमरनाथ यात्रियों से भरी बस मकान पर गिरी, 39 तीर्थयात्री थे सवार, पुलिस, ITBP, CRPF और सेना ने चलाया बचाव अभियान