Tips for perfect Poha : सुबह की भागदौड़ हो या शाम की चाय, पोहा एक ऐसा नाश्ता है जो हर भारतीय किचन की पहली पसंद होता है. लेकिन अक्सर शिकायत रहती है कि घर पर बना पोहा या तो बहुत सूखा हो जाता है या फिर धोने के बाद आपस में चिपक कर ‘हलवा’ बन जाता है. अगर आप भी इसी समस्या से परेशान हैं, तो मशहूर सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बरार की ये टिप्स आपके काम की हैं. शेफ ने बताया है कि पोहे का खिला-खिला टेक्सचर बरकरार रखने के लिए सबसे जरूरी स्टेप उसकी कुकिंग नहीं, बल्कि उसे धोने का सही तरीका है. आइए जानते हैं जाड़ा और पतले पोहे का अंतर और परफेक्ट पोहा बनाने का शेफ स्पेशल सीक्रेट.
गलत पोहे का चुनाव बिगाड़ सकता है खेल
अक्सर हम दुकान से पोहा लाते समय इस बात पर ध्यान नहीं देते कि वह किस क्वालिटी का है. शेफ रणवीर बरार के अनुसार, पोहे के मुख्य रूप से दो प्रकार होते हैं- जाड़ा (मोटा) और पतला. अगर आप नाश्ते के लिए कांदा-पोहा या बटाटा-पोहा बना रहे हैं, तो हमेशा ‘जाड़ा पोहा’ ही चुनें. पतला पोहा आमतौर पर नमकीन या चिवड़ा बनाने के काम आता है और पानी के संपर्क में आते ही वह पूरी तरह गल जाता है. यही वह पहली गलती है, जिसके कारण अधिकतर लोगों का पोहा कड़ाही में जाते ही मैश हो जाता है.
भिगोना नहीं, सिर्फ धोना है जरूरी
शेफ रणवीर बरार ने एक आम धारणा को तोड़ा है कि पोहे को चावल की तरह भिगोकर रखना चाहिए. वे बताते हैं कि पोहा काफी नाजुक होता है और यह बहुत जल्दी नमी सोख लेता है. अगर आप इसे पानी में छोड़ देंगे, तो यह जरूरत से ज्यादा पानी सोख लेगा और पकाते समय टूट जाएगा.
धोने का सही तरीका
पोहे को एक बड़ी छलनी (Strainer) में रखें और उसके ऊपर बहता हुआ पानी (Running water) डालें. अपने हल्के हाथों से पोहे को ऊपर-नीचे घुमाएं ताकि उसकी गंदगी साफ हो जाए. जैसे ही पोहा गीला हो जाए, पानी को तुरंत पूरी तरह निथार लें. छलनी में रखा पोहा अगले 5-7 मिनट में अपने आप उतना मॉइश्चर सोख लेगा, जितने में वह नरम और खिला-खिला हो जाए.
नमक और चीनी का जादुई तालमेल
पोहे को कड़ाही में डालने से पहले ही उसमें नमक और थोड़ी सी चीनी मिला देनी चाहिए. जब पोहा छलनी में नमी सोख रहा हो, तभी उस पर नमक और चीनी छिड़क कर हल्के हाथों से टॉस कर दें. इससे पोहे के हर दाने में स्वाद अंदर तक समा जाता है और चीनी की वजह से पोहा लंबे समय तक फ्रेश और नरम बना रहता है.
तड़के और कुकिंग का सही क्रम
परफेक्ट पोहा बनाने के लिए तड़का भी उतना ही महत्वपूर्ण है. कड़ाही में तेल गरम करके राई, करी पत्ता, हरी मिर्च और मूंगफली का तड़का लगाएं. यदि आप आलू डाल रहे हैं, तो उन्हें बारीक काटकर पहले ही पका लें. प्याज को बहुत ज्यादा न भूनें, उसे हल्का क्रंची रहने दें.
अंत में, जब आप मसाला तैयार कर लें, तब धुला हुआ पोहा इसमें मिलाएं. इसे बहुत ज्यादा चलाने या दबाने की जरूरत नहीं है. बस हल्के हाथों से मिक्स करें और भाप में 2 मिनट के लिए ढककर पकाएं. आखिरी में नींबू का रस और ताज़ा हरा धनिया ऊपर से डालें. शेफ की इस तकनीक से बना पोहा न केवल दिखने में सुंदर लगेगा, बल्कि इसका हर दाना अलग-अलग और स्वाद से भरपूर होगा.