अपने शहर में टेस्ट क्रिकेट खेलने का सपना हर खिलाड़ी देखता है, लेकिन जेक वेदराल्ड के लिए यह पल सिर्फ सपना पूरा होने तक सीमित नहीं रहा। डार्विन में बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की पारी की शुरुआत करने उतरे वेदराल्ड ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह अपने होम टाउन में टेस्ट खेलने वाले पहले ऐसे खिलाड़ी बने, जिनका जन्म और परवरिश दोनों नॉर्दर्न टेरिटरी में हुई है। हालांकि, इस यादगार मौके को वह बड़ी पारी में नहीं बदल सके और 23 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट डार्विन में खेला जा रहा है। 31 साल के बल्लेबाज वेदराल्ड को ऑस्ट्रेलिया की पारी की शुरुआत करने का मौका मिला। अपने घरेलू मैदान पर उतरते ही उन्होंने इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया। वेदराल्ड के लिए यह उनका छठा टेस्ट मुकाबला है। हालांकि, अपने घरेलू मैदान पर यादगार पारी खेलने की उनकी उम्मीदों को हसन महमूद ने झटका दिया। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज ने वेदराल्ड को 37 गेंदों में 23 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। उनकी पारी में कुछ अच्छे शॉट देखने को मिले, लेकिन वह ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं सके।

हसन महमूद ने दो ओवर में दिए दो बड़े झटके

बांग्लादेश के लिए हसन महमूद ने ऑस्ट्रेलिया को लगातार दो ओवरों में दो बड़े झटके दिए। पहले उन्होंने जेक वेदराल्ड को अपना शिकार बनाया और अगले ही ओवर में ट्रेविस हेड को भी पवेलियन भेज दिया। ट्रेविस हेड 39 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वेदराल्ड ने 37 गेंदों का सामना करते हुए 23 रन बनाए। वेदराल्ड के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 17 ओवर में 55 रन पर दो विकेट हो गया। घरेलू मैदान पर इतिहास रचने के बावजूद वेदराल्ड के लिए यह टेस्ट पारी छोटी रही, लेकिन डार्विन में टेस्ट खेलने वाले नॉर्दर्न टेरिटरी के पहले जन्मे-पले खिलाड़ी के रूप में उनका नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया। 

बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट की बात की जाए, तो लंच तक बांग्लादेशी गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के 4 बल्लेबाजों को 74 रन पर पवेलियन का रास्ता दिखाया। स्टीव स्मिथ 7 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। अब दूसरे सेशन के खेल पर सभी की निगाहें टिकी होंगी।

यह भी पढ़ें:

इब्राहिम जादरान ने ODI में किया बड़ा कारनामा, जहीर अब्बास और पीटरसन जैसे दिग्गजों की बराबरी की

Latest Cricket News





Source link

Write A Comment