अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस के घर बेटे का जन्म हुआ है। दंपति ने चौथी बार बच्चे को जन्म दिया है। बेटे के दुनिया में आने के साथ ही जेडी वेंस ने एक और अनोखा रिकॉर्ड बना दिया है। दरअसल, 150 साल से ज्यादा समय में पहली बार ऐसा हुआ है कि पद पर रहते हुए किसी अमेरिकी उपराष्ट्रपति के घर बच्चे का जन्म हुआ है। आइए जानते हैं कि इस मौके पर दंपति ने क्या जानकारी दी है।
क्या रखा गया बच्चे का नाम?
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सोशल मीडिया पर पत्नी उषा वेंस के साथ संयुक्त बयान जारी किया है और अपने बेटे के जन्म के बारे में लोगों से जानकारी शेयर की है। संयुक्त बयान में कहा गया है कि ”हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि हमारे घर एक बेटे का जन्म हुआ है, जिसका नाम एलेक नील वेंस रखा गया है। उषा और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और हमारे तीनों बच्चे अपने छोटे भाई के स्वागत को लेकर बेहद उत्साहित हैं।”
जेडी वेंस ने आगे कहा- “वॉल्टर रीड मेडिकल सेंटर और व्हाइट हाउस मेडिकल यूनिट के बेहतरीन मिलिट्री डॉक्टर और स्टाफ सदस्य हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं रहे हैं। उन्होंने हमारे परिवार के लिए जो कुछ भी किया है, उसके लिए हम उनके बहुत आभारी हैं।” जानकारी के अनुसार, व्हाइट हाउस की मेडिकल टीम का भी उनकी देखभाल और सहयोग कर रही थी जिसके लिए दंपति ने आभार जताया है। आपको बता दें कि जेडी वेंस की पत्नी उषा (उम्र 40 वर्ष) भारतीय मूल की हैं। उनका परिवार आंध्र प्रदेश से ताल्लुक रखता है। उनका पूरा नाम उषा चिलुकुरी वेंस है। उषा और जेडी वेंस की मुलाकात येल लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। उन्होंने साल 2014 में शादी कर ली थी।
इससे पहले कब हुई थी ऐसी घटना?
आपको बता दें कि रिपब्लिकन नेता जेडी वेंस काफी समय से अमेरिका का परिवारों को ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करते आए हैं। उनके चौथे बच्चे का जन्म उन्हीं विचारों के अनुरूप माना जा रहा है। वेंस दंपति के अन्य बच्चों में नौ वर्षीय इवान, छह वर्षीय विवेक और चार वर्षीय मिराबेल शामिल हैं। इससे पहले 1870 में अमेरिका के उपराष्ट्रपति शायलर कोलफैक्स और उनकी दूसरी पत्नी एलेन वेड के यहां बेटे का जन्म हुआ था जिसका नाम शायलर कोलफैक्स तृतीय रखा गया था। (इनपुट: एपी)
ये भी पढ़ें- स्पेन की जीत को ट्रंप ने बताया ‘अमेरिका की जीत’, कहा- “अगला वर्ल्ड कप भी जल्द यहां हो”