महाराष्ट्र के नागपुर में 16 साल की लड़की से हैवानियत करने वाले आरोपी से पुलिसकर्मी भी परेशान हो चुके हैं। जेल के अंदर आरोपी नखरे दिखा रहा है और खाने के लिए पिज्जा की मांग कर रहा है। सोने के लिए भी गद्देदार बिस्तर और मच्छर भगाने वाली मशीन लगाने की मांग की है। इस पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जेल के अंदर रहने वाले कैदियों की वाजिब मांगें मानी जाती हैं, लेकिन ऐसी बेतुकी मांगें किसी की भी पूरी नहीं की जा सकती हैं। आरोपी युवक ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के जरिए लड़की से दोस्ती की थी और उसके साथ ज्यादती कर रहा था।

20 वर्षीय बीबीए छात्र ने गंदी दीवारों और बदबूदार टॉयलेट की भी शिकायत की है। वह पूछताछ में सहयोग करने से मना कर रहा है और रात में प्रीमियम खाने की मांग कर रहा है। आरोपी ने पुलिस पर पैसे चोरी करने के आरोप लगाए हैं। वहीं, पीड़िता पर ही ज्यादती के आरोप लगाए हैं।

जबरन मेडिकल कराने ले गई पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी किसी भी तरह से सहयोग नहीं कर रहा है। उसने अपने और पीड़िता के फोन का पासवर्ड बताने से मना कर दिया। इसके बाद मेडिकल टेस्ट के लिए भी मना कर रहा था। ऐसे में पुलिस ने उसे जबरन अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया। आरोपी ने पुलिस पर जूता और चश्मा छीनने के आरोप भी लगाए हैं।

24 घंटे तक लड़की को बंधक बनाकर रखा

आरोपी निर्भय पाखरे ने पिछले साल ‘आकाश मेहरा’ के नाम से इंस्टाग्राम पर एक फर्जी प्रोफाइल बनाया था और इसी के जरिए उसने लड़की से दोस्ती की और फिर दोनों की बातचीत होने लगी। इसके बाद आरोपी ने लड़की की निजी तस्वीरें हासिल कर लीं और ब्लैकमेल करने लगा। इसी वजह से लड़की चुपचाप सबकुछ सहती रही। गिरफ्तार होने से पहले आरोपी ने लड़की को 24 घंटे तक एक होटल में बंधक बनाकर रखा। लड़की के परिजनों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा तो लड़की बिस्तर से बंधी हुई थी और आरोपी उसके पास बेल्ट लेकर खड़ा था। इसके बाद पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया गया और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस हिरासत में आरोपी

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाखरे के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और अपहरण के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच के हिस्से के रूप में पाखरे के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें-

मुंबई में तेज आवाज में गाने बजाने को लेकर भिड़ गए एक ही परिवार के लोग, पिता-पुत्र की मौत, मां-बेटे घायल

नागपुर मर्डर मिस्ट्री का 36 घंटे में खुलासा, शादी के विवाद में बॉयफ्रेंड ने नदी में महिला को पुल से दिया धक्का





Source link

Write A Comment