Last Updated:
Top Bengali Dishes: बंगाली खाना सिर्फ झालमुड़ी या रसगुल्ले तक सीमित नहीं है. शुक्तो, कोसा मांसो, भपा इलिश, आलू पोस्तो और पायेश जैसी डिशेज अपने अनोखे स्वाद के दम पर देश-दुनिया के फूड लवर्स का दिल जीत रही हैं.
पायेश: मीठे अंत की परंपरा बंगाली भोजन का समापन अक्सर पायेश से होता है. यह चावल, दूध और गुड़ या चीनी से बनने वाली एक खास मिठाई है. जन्मदिन, पूजा-पाठ या किसी शुभ अवसर पर पायेश बनाना बंगाल की पुरानी परंपरा का हिस्सा है. इसका स्वाद जितना सरल है, उतना ही यादगार भी होता है.
बासंती पुलाव: खुशबू और मिठास का मेल बासंती पुलाव अपने सुनहरे रंग और हल्के मीठे स्वाद के लिए जाना जाता है. इसमें काजू, किशमिश और खास किस्म के चावल का इस्तेमाल किया जाता है. यह पुलाव अक्सर कोसा मांसो, पनीर या दूसरे खास व्यंजनों के साथ परोसा जाता है. शादी-ब्याह और उत्सवों में इसकी मौजूदगी आम बात है.
कोसा मांसो: मटन प्रेमियों की पसंद मसालेदार खाने के शौकीनों के लिए कोसा मांसो किसी ट्रीट से कम नहीं है. इसमें मटन को धीमी आंच पर लंबे समय तक पकाया जाता है, जिससे मसाले पूरी तरह मांस में समा जाते हैं. इसका गाढ़ा रंग और दमदार स्वाद इसे खास बनाता है. अक्सर लोग इसे लूची या पराठे के साथ खाना पसंद करते हैं. त्योहारों और पारिवारिक समारोहों में यह डिश खास जगह रखती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
आलू पोस्तो: हर घर की पहचान बंगाल में आलू पोस्तो सिर्फ एक डिश नहीं बल्कि रोजमर्रा के खाने का अहम हिस्सा है. खसखस और आलू से बनने वाली यह सब्जी बेहद कम मसालों में तैयार होती है. हालांकि इसकी सादगी ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है. दाल और चावल के साथ इसका स्वाद लोगों को घर जैसा सुकून देता है. घरेलू स्वाद का राज कई बंगाली परिवारों में यह डिश सप्ताह में कई बार बनती है और पीढ़ियों से इसकी रेसिपी चली आ रही है.
छोलार दाल: सादगी में स्वाद छोलार दाल एक ऐसी डिश है जो त्योहारों और खास मौकों पर लगभग हर बंगाली घर में बनती है. चना दाल में नारियल के छोटे टुकड़े और हल्का मीठापन इसे बाकी दालों से अलग बनाता है. इसे आमतौर पर लूची के साथ परोसा जाता है और यह शाकाहारी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है.
चिंगरी माछेर मलाई करी: शाही स्वाद का अनुभव अगर बंगाली सीफूड की बात हो और चिंगरी माछेर मलाई करी का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. झींगा मछली और नारियल के दूध से तैयार यह करी बेहद क्रीमी और स्वादिष्ट होती है. इसका हल्का मीठा स्वाद और मुलायम टेक्सचर बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. यही वजह है कि इसे बंगाल की शाही डिशेज में शामिल किया जाता है.
भपा इलिश: बंगाल का गर्व हिल्सा मछली, जिसे इलिश भी कहा जाता है, बंगाली खान-पान की पहचान मानी जाती है. भपा इलिश में मछली को सरसों के पेस्ट, हरी मिर्च और सरसों के तेल के साथ भाप में पकाया जाता है. इसकी खुशबू और स्वाद इतने अलग होते हैं कि मछली पसंद करने वाले लोग इसे बंगाल की सबसे बेहतरीन डिशेज में गिनते हैं.
शुक्तो: स्वाद की अनोखी शुरुआत बंगाली खाने की थाली में अक्सर शुक्तो सबसे पहले परोसा जाता है. यह कई तरह की सब्जियों का मिश्रण होता है जिसमें करेला, कच्चा केला, बैंगन और सहजन जैसी चीजें डाली जाती हैं. पहली नजर में यह साधारण लग सकता है, लेकिन इसका स्वाद बेहद खास होता है. दूध और सरसों के पेस्ट से बनी इसकी ग्रेवी कड़वाहट और हल्की मिठास का शानदार संतुलन पेश करती है. क्यों है खास? बंगाल के कई परिवारों में आज भी पारंपरिक भोजन की शुरुआत शुक्तो से ही की जाती है. इसे पाचन के लिए भी अच्छा माना जाता है.