लाहौल स्पीति के पांगी-उदयपुर मार्ग पर बड़ा हादसा हुआ। यहां एक टाटा सूमो गाड़ी के ऊपर चट्टान गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो लोग घायल हुए हैं। लाहौल स्पीति पुलिस ने हादसे की पुष्टि की है। फिलहाल, लाहौल स्पीति पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई है। जानकारी के अनुसार, लाहौल घाटी से करीब 60-70 किमी दूर कुडूनाला के पास यह घटना हुई। चलती टाटा सूमो पर पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें गिर गई। मलबे से एक व्यक्ति को घायल अवस्था में निकाला गया है।

बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना

भरमौर के विधायक जनक राज ने बताया कि हमने चम्बा और लाहुल स्पीति जिलाधीश महोदय से राहत कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया है और घटनास्थल के लिए पुलिस और बचाव दल रवाना हुआ है। जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए लोग चंबा के रहने वाले थे।

सड़क खुलते ही रवाना हुए थे यात्री

उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। इसी वजह से टैक्सी में सवार सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क बहाल होने के बाद वाहन पांगी की ओर रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और टैक्सी उसकी चपेट में आ गई।

एक घायल को निकाला गया, बाकी की तलाश जारी

अब तक बचाव दल ने मलबे से एक व्यक्ति को घायल अवस्था में बाहर निकाल लिया है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अन्य यात्रियों की तलाश जारी है और मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन ने फिलहाल घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही यात्रियों की संख्या और हताहतों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी

चंबा में बड़ा हादसा टला

हिमाचल प्रदेश के चंबा में गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। चुराह उपमंडल के बैरागढ़-साचपास-किलाड़ मार्ग पर बगोटू के पास एक ट्रक के अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकल गया। तीसा से किलाड़ की ओर जा रहा यह ट्रक एक तीखे मोड़ पर दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक का अगला हिस्सा लगभग 800 मीटर गहरी खाई की ओर लटक गया था। 

जेसीबी की मदद से बाहर निकाला

चालक ने समय रहते सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रक को कंट्रोल किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। चालक को कोई चोट नहीं आई है। जेसीबी की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

(चंबा से सुभाष महाजन और कपिल ठाकुर की रिपोर्ट)





Source link

Write A Comment