Paneer Cutlet Recipe: सुबह का समय वैसे ही भागदौड़ से भरा रहता है. ऊपर से बच्चों के टिफिन में रोज कुछ नया और स्वादिष्ट रखने की चिंता अलग होती है. कभी बच्चा पराठा खाने से मना कर देता है, तो कभी सब्जी देखकर मुंह बना लेता है. ऐसे में अगर कोई ऐसी डिश मिल जाए जो देखने में आकर्षक हो, खाने में मजेदार लगे और घर की सामान्य सामग्री से तैयार हो जाए, तो बात ही अलग है. पनीर कटलेट ऐसी ही एक आसान रेसिपी है. बाहर से सुनहरा और क्रिस्पी, जबकि अंदर से नरम और स्वादिष्ट पनीर का मिश्रण इसे खास बनाता है.
इसमें पनीर के साथ उबले आलू, शिमला मिर्च, प्याज और हरा धनिया मिलाया जाता है, जिससे स्वाद और भी बढ़ जाता है. इसे सुबह के नाश्ते के अलावा बच्चों के टिफिन, शाम की चाय या छोटे गेट-टुगेदर में भी परोसा जा सकता है.
पनीर कटलेट बनाने के लिए सामग्री
कटलेट के लिए
पनीर 200 ग्राम, 2 मध्यम आकार के उबले आलू, 1 छोटा बारीक कटा प्याज, 2 चम्मच बारीक कटी शिमला मिर्च, 1-2 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट और 2-3 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया लें. स्वाद के लिए आधा चम्मच गरम मसाला, आधा चम्मच चाट मसाला, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच अमचूर पाउडर और नमक डालें.
क्रिस्पी कोटिंग के लिए
कटलेट को बाहर से कुरकुरा बनाने के लिए 2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर या मैदा, 3-4 चम्मच पानी, करीब 1 कप ब्रेड क्रम्ब्स और शैलो फ्राई करने के लिए तेल चाहिए.
कैसे तैयार करें पनीर कटलेट?
सबसे पहले एक बड़े बाउल में कद्दूकस किया हुआ पनीर और उबले हुए मैश किए आलू डालें. अब इसमें प्याज, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन पेस्ट और हरा धनिया मिला दें. इसके बाद गरम मसाला, चाट मसाला, लाल मिर्च, अमचूर पाउडर और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण को अच्छी तरह गूंथने की जरूरत नहीं है, बस इतना मिलाएं कि सभी सामग्री आपस में अच्छी तरह जुड़ जाए, अगर मिश्रण बहुत नरम लग रहा है, तो थोड़ा ब्रेड क्रम्ब्स मिलाया जा सकता है. इससे कटलेट बनाना आसान रहेगा और वे पैन में टूटेंगे भी नहीं. अब हाथों पर हल्का सा तेल लगाएं और मिश्रण का एक हिस्सा लेकर गोल, ओवल या बच्चों की पसंद के अनुसार हार्ट शेप में कटलेट बना लें. सभी कटलेट तैयार करके एक प्लेट में रख दें.
कोटिंग से आएगा असली क्रिस्पी स्वाद
एक छोटे बाउल में कॉर्नफ्लोर और पानी डालकर पतली स्लरी तैयार करें. दूसरे प्लेट में ब्रेड क्रम्ब्स फैला दें. अब एक-एक कटलेट को पहले स्लरी में डुबोएं और फिर ब्रेड क्रम्ब्स में अच्छी तरह रोल करें. ध्यान रखें कि ब्रेड क्रम्ब्स की परत चारों तरफ बराबर लगे. यही छोटी सी प्रक्रिया कटलेट को बाहर से ज्यादा क्रिस्पी बनाने में मदद करती है, अगर समय हो तो कोट किए हुए कटलेट को 10 मिनट के लिए फ्रिज में रख सकते हैं. इससे उनकी शेप अच्छी तरह सेट हो जाती है.
धीमी आंच पर करें शैलो फ्राई
अब एक नॉन-स्टिक या भारी तले वाले पैन में 2-3 बड़े चम्मच तेल डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद कटलेट पैन में रखें. इन्हें तेज आंच पर न तलें, वरना ऊपर की कोटिंग जल्दी ब्राउन हो सकती है और अंदर का हिस्सा ठीक से गर्म नहीं होगा. कटलेट को धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेकें. पलटते समय जल्दबाजी न करें. जब एक तरफ अच्छी परत बन जाए, तभी धीरे से पलटें. तैयार कटलेट को प्लेट में निकालकर अतिरिक्त तेल सोखने के लिए पेपर टॉवल पर रख सकते हैं.
बच्चों के टिफिन के लिए ऐसे करें सर्व
पनीर कटलेट को हरी चटनी, टोमैटो सॉस या दही की डिप के साथ सर्व किया जा सकता है. बच्चों के टिफिन में देने के लिए कटलेट को बहुत ज्यादा गरम पैक न करें, वरना भाप की वजह से इसकी क्रिस्पी परत नरम पड़ सकती है. थोड़ा ठंडा होने के बाद एयरटाइट टिफिन में रखना बेहतर रहेगा.