भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आगामी एशिया कप और उसके बाद होने वाले एशियन गेम्स से पहले एक बड़ा झटका स्टार खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स के रूप में लगा है। इंग्लैंड में खेली जा रही द हंड्रेड टूर्नामेंट में जेमिमा को हैमस्ट्रिंग की दिक्कत हुई थी जिसके बाद वह उससे बाहर हो गई थी। अब जेमिमा आगामी एशिया कप और एशियन गेम्स से भी अपनी इस इंजरी के चलते बाहर हो गई हैं, जिसको लेकर बीसीसीआई ने आधिकारिक ऐलान कर दिया है। बीसीसीआई की तरफ से जारी की प्रेस रिलीज में उन्होंने जेमिमा की जगह पर रिप्लेसमेंट प्लेयर के नाम के नाम का ऐलान कर दिया है जिसमें प्रतिका रावल को एशिया कप के स्क्वाड में शामिल किया गया है। भारतीय महिला टीम को एशिया कप 2026 में अपना पहला मुकाबला 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ खेलेगी, 3 सितंबर को हांगकांग चाइना और 5 सितंबर को पाकिस्तानी महिला टीम के खिलाफ मुकाबला खेलेगी।
COE में जेमिमा की इंजरी की जांच के बाद लिया गया फैसला
जेमिमा रोड्रिग्स को लेकर बीसीसीआई ने जो जानकारी दी है उसमें उन्होंने बताया कि 3 अगस्त को इंग्लैंड में द हंड्रेड टूर्नामेंट के दौरान दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जेमिमा की इस इंजरी की जांच की और उसमें हाई-ग्रेड टियर यानी गंभीर चोट सामने आई। ऐसे में जेमिमा यूएई में 28 अगस्त से होने वाले महिला एशिया कप और उसके बाद 17 सितंबर से जापान में एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट के इवेंट से बाहर हो गई हैं। जेमिमा के बाहर होने के बाद बीसीसीआई की महिला चयन समिति ने एशिया कप के लिए जेमिमा की जगह प्रतिका रावल को एशिया कप टीम में शामिल किया है।
भारतीय महिला टीम की एशिया कप के लिए अपडेटेड स्क्वाड
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कामलिनी (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, प्रतिका रावल।
प्रतिका रावल ने अब तक नहीं खेला टी20 मुकाबला
टीम इंडिया के स्क्वाड में जेमिमा रोड्रिग्स की जगह पर शामिल की गई ओपनिंग बल्लेबाज प्रतिका रावल को लेकर बात की जाए तो उन्होंने अब तक कोई भी टी20 मुकाबला इंटरनेशनल लेवल पर नहीं खेला है। वहीं प्रतिका रावल ने विमेंस प्रीमियर लीग में भी एक भी मैच नहीं खेला है। ऐसे में एशिया कप में उनको प्लेइंग 11 में खेलने का मौका मिलता है या नहीं इसको लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं।
ये भी पढ़ें
गुरनूर या प्रसिद्ध, गॉल टेस्ट के प्लेइंग 11 में इनमें से कौन खेलेगा? कप्तान शुभमन गिल ने दिया बयान
‘टेस्ट में आप कोई जोखिम नहीं लेना चाहते’; सुदर्शन-बुमराह को लेकर पहली बार आया कप्तान गिल का बयान