वीर दास ने अपने ‘टू इंडियाज’ मोनोलॉग से जुड़े विवाद के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि इस विवाद के कारण न सिर्फ उनका करियर रुक गया, बल्कि उन्हें और उनकी पत्नी शिवानी माथुर को लगभग दो साल तक बिना किसी फिक्स्ड इनकम के रहना पड़ा। एमी अवॉर्ड जीतने वाले इस कॉमेडियन ने यह भी कहा कि वह मध्य प्रदेश जाने से बचते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि राज्य में उनके घुसने पर अभी भी बैन लगा हुआ है। सैफ अली खान, अयान अली बंगश, प्रतीक साधु और सुयश केशरी के साथ ‘द रोटोरिस रूम’ में शामिल हुए वीर ने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर में से एक को याद किया। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें उस परफॉर्मेंस को करने का कोई पछतावा नहीं है, जो अब विवाद का विषय बन गई है। 2021 में वॉशिंगटन के जॉन एफ. केनेडी सेंटर में अपनी परफॉर्मेंस के बाद हुए घटनाक्रम को याद करते हुए वीर ने कहा कि इसका काफी विरोध हुआ था।

मध्य प्रदेश में बैन है वीर दास के शो

वीर दास इस विवाद के बारे में बात करते हुए कहा, ‘केनेडी में दिए गए भाषण के बाद एक विवाद हुआ जो काफी चर्चा में रहा और वायरल भी हो गया। यह 10 दिनों तक नंबर वन न्यूज बनी रही और इसके चलते 14 पुलिस शिकायतें दर्ज हुईं, जिनसे निपटने में हमें काफी समय लगाना पड़ा, लेकिन मैं उस परफॉर्मेंस को नाकामी नहीं मानता। मुझे उस पर बहुत गर्व है। मुझे लगता है कि वह बहुत अच्छे से तैयार किया गया एक्ट था।’ कॉमेडियन ने बताया कि इस विवाद का उनकी प्रोफेशनल जिंदगी पर बुरा असर पड़ा था। उन्होंने कहा: 

‘असल में मध्य प्रदेश में मुझ पर बैन लगा हुआ है। पूरे राज्य में। टू इंडियाज वाली स्पीच कैनेडी सेंटर में दी गई थी। उस पर 14 FIR वगैरह हुईं और हमने उनका सामना किया, लेकिन मध्य प्रदेश के एक सांसद का कहना था वह कभी मध्य प्रदेश नहीं आ सकता। मुझे यह भी नहीं पता कि वह मंत्री अभी भी वहां हैं या नहीं। मैं बस यह पता भी नहीं करना चाहता। मैं मध्य प्रदेश नहीं जाना चाहता।’

विवाद के बाद वीर को 2 साल नहीं मिला था काम

वीर ने आगे बताया कि उस दौरान वह और उनकी पत्नी गोवा चले गए थे और उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा। उन्हें दोबारा परफॉर्म करने में कई महीने लग गए और काम वापस मिलने में तो और भी ज्यादा समय लगा। उन्होंने इस बारे में बात करते हुए, कहा:

‘सब कुछ खत्म हो गया। ढाई साल तक कोई भी मेरे पास भटकना तक नहीं चाहता था। सारे ब्रांड्स चले गए, एक्टिंग के सारे काम चले गए, डायरेक्शन के सारे काम चले गए। शिवानी और मैं गोवा चले गए और दो साल तक हमारी कोई कमाई नहीं हुई।’

टू इंडियाज विवाद कैसे शुरू हुआ?

नवंबर 2021 में वॉशिंगटन डी.सी. के जॉन एफ. कैनेडी सेंटर में वीर दास के ‘टू इंडियाज’ वाले मोनोलॉग ने भारत की दो अलग-अलग सच्चाइयों को दिखाया। इस परफॉर्मेंस में महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक बंटवारे, प्रदूषण, किसानों के विरोध प्रदर्शन और अभिव्यक्ति की आजादी जैसे मुद्दों पर बात की गई थी। जहां कई लोगों ने इस परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए इसे राजनीतिक व्यंग्य बताया। वहीं कुछ लोगों ने कॉमेडियन पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की नकारात्मक छवि पेश करने का आरोप लगाया। इस विवाद के कारण उनके खिलाफ कई पुलिस शिकायतें और FIR दर्ज हुईं।

ये भी पढ़ें – वीर दास ने किया कंगना रनौत का बचाव, वायरल किसिंग स्टोरी को बताया झूठा, बोले- ‘पूरी तरह से काल्पनिक है कहानी’

वीर दास ने बादशाह से मांगी माफी, कॉन्सर्ट से जुड़ा है मामला, कॉमेडियन ने फैन की गड़बड़ी का किया खुलासा

Latest Bollywood News





Source link

Write A Comment