तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK के नेतृत्व वाले गठबंधन को आखिरकार नया नाम मिल गया है। चेन्नई में हुई बैठक के बाद गठबंधन का नाम ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस’ तय किया गया है। इस गठबंधन में TVK के साथ कांग्रेस, VCK, MDMK और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) शामिल हैं।

गठबंधन का नाम तय करने को लेकर बुधवार को चेन्नई के पनायुर स्थित TVK मुख्यालय में अहम बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस, VCK, MDMK और IUML के प्रमुख नेता शामिल हुए। बैठक में गठबंधन की आगे की रणनीति और चुनावी तालमेल को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

बैठक में कांग्रेस की ओर से मणिकम टैगोर, थारागाई कथबर्ट और प्रवीण चक्रवर्ती मौजूद रहे। VCK की ओर से पार्टी प्रमुख थोल थिरुमावलवन के साथ वन्नी अरसु, रवि कुमार और सिंथनई सेलवन शामिल हुए। MDMK की तरफ से पार्टी प्रमुख वाइको और दुरई वाइको ने हिस्सा लिया, जबकि IUML की ओर से के.एम. कादर मोइदीन और शाहजहाँ बैठक में शामिल हुए।

गठबंधन के नाम में ‘सेक्युलर’ और ‘सोशल जस्टिस’ जैसे शब्दों को शामिल किए जाने से इसके राजनीतिक एजेंडे का संकेत भी मिलता है। वहीं ‘विक्ट्री अलायंस’ के जरिए TVK प्रमुख विजय के नेतृत्व और चुनावी जीत के लक्ष्य को सामने रखा गया है।

तमिलनाडु की राजनीति में TVK के इस गठबंधन को अहम माना जा रहा है। कांग्रेस, VCK, MDMK और IUML के साथ गठबंधन बनने से TVK को राज्य की सियासत में अपना आधार मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।





Source link

Write A Comment