Pav Bhaji Recipe: मुंबई की गलियों में शाम ढलते ही तवे पर मक्खन की खुशबू और गरम मसालों की महक लोगों को अपनी ओर खींचने लगती है. पाव भाजी उन स्ट्रीट फूड्स में से है, जिसे देखते ही भूख बढ़ जाती है. खास बात यह है कि इसके लिए किसी खास मौके का इंतजार भी नहीं करना पड़ता. घर में आलू, फूलगोभी, मटर, टमाटर और शिमला मिर्च जैसी रोजमर्रा की सब्जियां हों तो स्वादिष्ट पाव भाजी आसानी से तैयार हो सकती है.

मुंबई स्टाइल भाजी का असली मजा उसकी मुलायम बनावट, तेज मसाले और ऊपर से डाले गए मक्खन में छिपा है. जब इसे मक्खन में सेंके हुए पाव, बारीक कटे प्याज और नींबू के साथ परोसा जाता है, तो साधारण डिनर भी खास लगने लगता है, अगर बाहर की पाव भाजी खाने का मन है, लेकिन घर का स्वाद और सफाई भी चाहिए, तो यह आसान रेसिपी आपके काम आ सकती है.

मुंबई स्टाइल पाव भाजी के लिए सामग्री

इस रेसिपी के लिए 2 मध्यम उबले आलू, 1 कप बारीक कटी फूलगोभी, आधा कप उबली हरी मटर और 1 छोटी बारीक कटी शिमला मिर्च लें. इसके अलावा 3 मध्यम टमाटर, 1 बड़ा बारीक कटा प्याज, 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, 2 बड़े चम्मच पाव भाजी मसाला, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर और आधा छोटा चम्मच हल्दी चाहिए. स्वाद के लिए नमक, 2 बड़े चम्मच मक्खन, 1 बड़ा चम्मच तेल, करीब डेढ़ कप पानी, 2 बड़े चम्मच कटा हरा धनिया और 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस रखें. पाव सेंकने के लिए थोड़ा अतिरिक्त मक्खन भी लिया जा सकता है.

ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट भाजी

सब्जियों को अच्छी तरह मैश करें

सबसे पहले आलू, फूलगोभी और हरी मटर को कुकर में डालकर करीब 3 सीटी आने तक उबाल लें. सब्जियां नरम हो जाएं तो पानी निकालकर उन्हें गर्म रहते हुए अच्छी तरह मैश करें. यहां सब्जियों को पूरी तरह पेस्ट बनाने की जरूरत नहीं है. थोड़ी-सी बनावट रहने से भाजी खाने में ज्यादा अच्छी लगती है.

मसाले का तैयार करें बेस

अब एक चौड़े पैन या तवे में तेल और मक्खन गर्म करें. इसमें बारीक कटा प्याज डालकर मध्यम आंच पर भूनें. प्याज नरम और हल्का सुनहरा होने लगे तो अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें. इसे कुछ देर पकाएं, ताकि कच्ची खुशबू निकल जाए. इसके बाद कटे हुए टमाटर डालें. साथ में हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, पाव भाजी मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. टमाटर गलने तक मसाले को पकाना जरूरी है, अगर मसाला तवे पर चिपकने लगे तो थोड़ा पानी डाल सकते हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

भाजी को दें असली स्ट्रीट फूड वाला स्वाद

अब मैश की हुई सब्जियां मसाले में डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. धीरे-धीरे पानी डालते हुए भाजी की कंसिस्टेंसी अपनी पसंद के हिसाब से रखें. इसके बाद इसे धीमी आंच पर पकने दें. यहीं पर पाव भाजी का स्वाद और बनावट बेहतर होती है. एक बड़े चम्मच या मैशर से सब्जियों को तवे पर दबाते हुए चलाएं. इससे आलू, मटर, फूलगोभी और मसाला अच्छी तरह मिल जाते हैं. करीब 8 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाने से भाजी में मसाले का स्वाद अच्छी तरह उतर जाता है.

आखिरी में डालें नींबू और धनिया

गैस बंद करने से पहले नींबू का रस और कटा हुआ हरा धनिया डालें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा मक्खन भी डाल सकते हैं. भाजी तैयार होने के बाद पाव को बीच से काटें और मक्खन वाले तवे पर दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने तक सेंक लें. गरम भाजी को प्लेट में निकालकर ऊपर से थोड़ा मक्खन डालें. साथ में मक्खन में सेंका हुआ पाव, बारीक कटा प्याज और नींबू के टुकड़े रखें. घर में चटपटा स्ट्रीट फूड जैसा स्वाद चाहिए तो ऊपर से थोड़ा पाव भाजी मसाला और धनिया भी डाला जा सकता है.

स्वाद बढ़ाने के छोटे टिप्स

मुंबई स्टाइल पाव भाजी में चौड़ा तवा इस्तेमाल करने से मसाला अच्छी तरह भुनता है. टमाटर ज्यादा खट्टे हों तो स्वाद को संतुलित करने के लिए थोड़ी मात्रा में मक्खन बढ़ाया जा सकता है. वहीं मसाले की तीखापन पसंद के अनुसार कम या ज्यादा रखें. एक और छोटी बात-भाजी बनाकर तुरंत परोसने के बजाय कुछ मिनट धीमी आंच पर पकाने से उसका स्वाद और बेहतर हो जाता है. यही वजह है कि घर पर बनाई गई पाव भाजी भी सही तरीके से पकाने पर बाहर मिलने वाली भाजी जैसा मजा दे सकती है.



Source link

Write A Comment