Last Updated:
Nimbu Ka Achaar Recipe: राजस्थानी शैली में बनने वाला नींबू-अदरक का अचार अपने खट्टे, तीखे और मसालेदार स्वाद के लिए खासा पसंद किया जाता है. फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा के अनुसार, इसे बनाने के लिए रसीले नींबू, ताजी अदरक और पारंपरिक मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. सबसे पहले नींबू और अदरक को अच्छी तरह साफ और सुखाकर काटा जाता है, फिर नमक और मसालों के साथ मिलाकर उसमें ताजा नींबू का रस डाला जाता है. तैयार मिश्रण को कांच के जार में भरकर 7 से 10 दिनों तक धूप में रखा जाता है, जिससे नींबू का छिलका नरम हो जाता है और मसालों का स्वाद पूरी तरह उसमें समा जाता है.
अभी चल रहे मौसम में कई तरह के अचार, लौंजी और चटनियां तैयार की जाती हैं. इन्हीं में एक है राजस्थानी तरीके से बनने वाला नींबू-अदरक का अचार. एक बार बनाने के बाद पूरे साल इसका स्वाद लिया जा सकता है. ऐसे में आज की हमारी रेसिपी स्पेशल इस खबर में हम आपको यह अचार बनाने की रेसिपी के बारे में बताएंगे. राजस्थानी अंदाज में बनाने वाला यह अचार बहुत स्वादिष्ट होता है.
राजस्थानी नींबू और अदरक का स्वादिष्ट अचार बनाने के लिए सबसे पहले दोनों सामग्री को अच्छी तरह साफ कर ले. नींबू और अदरक को साफ पानी से धोने के बाद सूखे और साफ कपड़े से पोंछ लें. इसके बाद इन्हें 1 से 2 घंटे तक खुली हवा में रखें ताकि इनमें मौजूद नमी पूरी तरह समाप्त हो जाए. फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा ने बताया कि अचार बनाते समय नमी का न होना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि नमी के कारण अचार जल्दी खराब हो सकता है और उसका स्वाद भी प्रभावित हो सकता है.
इसके बाद आधा किलो नींबू में से लगभग 10 से 12 नींबू अलग रख लें. बाकी नींबुओं को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर उनके बीज निकाल दें, ताकि अचार का स्वाद कड़वा न हो. वहीं अदरक को अच्छी तरह छीलकर पतले और लंबे टुकड़ों में काट लें या फिर कद्दूकस कर लें. उन्होंने बताया कि अदरक की ताजगी और नींबू की खटास मिलकर अचार को एक अलग ही स्वाद देती है, जो खाने के साथ बेहद पसंद किया जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब एक बड़ा और पूरी तरह सूखा कांच का बर्तन लें. इसमें कटे हुए नींबू और अदरक डालें और स्वादानुसार नमक और अन्य सभी मसाले मिला दें. मिश्रण को अच्छी तरह चलाकर इस तरह मिलाएं कि मसाले सभी टुकड़ों पर समान रूप से लग जाएं. पहले से अलग रखे गए नींबुओं का ताजा रस निकालकर इस मिश्रण में डालें. रस की मात्रा इतनी होनी चाहिए कि नींबू और अदरक के टुकड़े उसमें अच्छी तरह डूबे रहें.
तैयार मिश्रण को साफ और सूखे कांच के जार में भरकर उसका ढक्कन मजबूती से बंद कर दें. इसके बाद जार को 7 से 10 दिनों तक रोजाना धूप में रखें. हर दिन कम से कम एक बार जार को हल्के हाथों से हिलाएं, ताकि मसाले और नींबू का रस आपस में अच्छी तरह मिलते रहें. धूप के प्रभाव से नींबू का छिलका धीरे-धीरे नरम हो जाता है और मसालों का स्वाद उसमें पूरी तरह समा जाता है, जिससे स्वादिष्ट नींबू-अदरक का अचार तैयार हो जाता है.