भारतीय सिनेमा के सबसे चहेते सुपरस्टार में से एक यश ने ‘आप की अदालत’ में इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा को दिए इंटरव्यू में 26 अगस्त को रिलीज होने वाली अपनी ‘ए’-रेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ में पांच लीडिंग एक्ट्रेस के चित्रण का बचाव किया है। फिल्म के टीजर और कंटेंट को लेकर सोशल मीडिया से लेकर प्रशासनिक गलियारों तक छिड़ी बहस के बीच सुपरस्टार ने अपने बेबाक अंदाज में हर सवाल का करारा जवाब दिया। यश ने स्पष्ट किया कि उनकी यह अपकमिंग फिल्म एडल्ट दर्शकों के लिए बनाई गई है और इसका उद्देश्य महज मनोरंजन करना नहीं, बल्कि समाज के सामने एक अहम और जरूरी बहस खड़ी करना है।
‘ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ और विवादों पर सफाई
रजत शर्मा के सवालों का जवाब देते हुए यश ने जवाब दिया, ‘हमने अपने शीर्षक में एक टैगलाइन रखी है “ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स”। जो भी बच्चे हैं, जो भी दिमाग से बच्चे हैं, वो थोड़ा दूर रहें।’ फिल्म को मिले ‘ए’ सर्टिफिकेट और उसमें दिखाए गए दृश्यों पर उठ रहे सवालों पर यश ने काफी सहजता से अपनी बात रखी। उनका मानना है कि जब किसी कहानी को मैच्योर टैगलाइन के साथ पेश किया जाता है, तो दर्शकों को भी उसे उसी दृष्टिकोण से देखना चाहिए।
कर्नाटक महिला आयोग की शिकायत और महिलाओं की इच्छाओं पर बेबाक राय
कर्नाटक राज्य महिला आयोग द्वारा सीबीएफसी को अश्लील दृश्यों की शिकायत करने वाले पत्र पर, यश ने जवाब दिया, ‘पिक्चर देखेंगे, तब पता चलेगा, आज कल की औरत जो चाहती है, उनकी इच्छाएं भी बात करने से वर्जित हो गया है इस दुनिया में, सिर्फ मर्द का ये सब.. पिक्चर के निर्देशक हैं भी एक औरत है। और उनको इस बात पर विश्वास है कि महिलाओं की उनकी कल्पनाएं पर भी उनका अधिकार है क्लियर है, कोई नौटंकी नहीं करनी है, लोगों को थिएटर में लाने के लिए नहीं, सवाल उठाने के लिए सोसायटी में। मुझे लगता है कि सिनेमा में यही मजा है।’ यश ने जोर देकर कहा कि महिला निर्देशक के नजरिए से बनी यह फिल्म महिलाओं के अधिकारों और उनकी कल्पनाओं को सही मायनों में पर्दे पर उजागर करती है।
‘लेडीज एंड लेडीज’ डायलॉग और 5 हीरोइनों संग एक्शन पर चुटीला जवाब
इंटरव्यू के दौरान रजत शर्मा ने फिल्म के संवादों पर भी तीखे सवाल दागे। उन्होंने कहा, ‘मैं आपको फिल्म का कुछ मजा दिखाता हूं, ‘लेडीज एंड लेडीज’ में डायलॉग है, ‘एक-एक करके आओगे या एक साथ आओगे?’ इस पर आप क्या कहेंगे?’ इस पर मुस्कुराते हुए यश ने कहा, ‘सर, वे हमला करने आई हैं… आत्मरक्षा (सेल्फ-डिफेंस)। जब रजत शर्मा ने आगे पूछा, ‘आपके साथ 5 टॉप हीरोइनें हैं, क्या वे सभी आप पर हमला कर रही हैं? तब यश ने चुटीले अंदाज में कहा, ‘कुछ मुझ पर करती हैं, कुछ पर मैं करता हूं।’