Last Updated:
Patna Famous Veg Biryani: एग्जिबिशन रोड के पास स्थित सीडीए बिल्डिंग के गेट के पास मोहन मंडल रोज सुबह साढ़े 6 बजे से शाम 5 बजे तक अपना वेज बिरयानी का स्टॉल लगाते हैं. उनके यहां मजदूरों से लेकर राहगीरों और आसपास काम करने वाले लोगों तक की अच्छी-खासी भीड़ जुटती है. वह मात्र 20 रुपये में टेस्टी वेज बिरयानी खिलाते हैं. उनका स्टॉल भले ही देखने में साधारण और पुराना लगता हो, लेकिन बिरयानी का स्वाद लोगों को बार-बार यहां खींच लाता है.
सबसे खास बात यह है कि बेहतरीन स्वाद के साथ इसकी कीमत इतनी कम है कि गरीब से गरीब व्यक्ति भी आसानी से अपनी भूख मिटा सकता है. पिछले चार-पांच सालों से मोहन मंडल इसी जगह पर अपना स्टॉल लगाकर लोगों को सस्ती और स्वादिष्ट वेज बिरयानी खिला रहे हैं.
मोहन मंडल लॉकडाउन से पहले दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम करते थे. लंच के दौरान वह रोज एक प्लेट वेज बिरयानी खाते थे. धीरे-धीरे उनकी दुकान वाले से दोस्ती हो गई और उन्होंने उससे वेज बिरयानी बनाने की रेसिपी सीख ली. कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन लगने पर वह बिहार लौट आए. दोबारा दिल्ली जाकर नौकरी करने के बजाय उन्होंने पटना में ही अपना कारोबार शुरू करने का फैसला किया.
उन्होंने वेज बिरयानी इसलिए चुनी, क्योंकि उस समय इस तरह की बिरयानी बेचने वाले पटना में बहुत कम लोग थे. साथ ही, उन्होंने इसकी कीमत भी केवल 20 रुपये रखी, ताकि हर वर्ग का व्यक्ति इसे आसानी से खरीद सके और स्वाद ले सके. सीडीए बिल्डिंग के आसपास बड़ी संख्या में दुकानें, किराये की गाड़ियां, मजदूर और रोजाना आने-जाने वाले लोगों की आवाजाही रहती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
ऐसे में यहां लोगों को कम कीमत में दोपहर के स्वादिष्ट भोजन का विकल्प मिल गया और मोहन मंडल का कारोबार भी चल निकला. भीड़भाड़ वाले दिनों में उनके यहां करीब 10 किलो चावल की खपत हो जाती है, जबकि सामान्य दिनों में लगभग 5 किलो चावल की वेज बिरयानी आसानी से बिकती है. आज उनके परिवार का खर्च इसी वेज बिरयानी के कारोबार से चलता है.
मोहन मंडल हर दिन सुबह 4 बजे उठकर वेज बिरयानी तैयार करने में जुट जाते हैं. करीब साढ़े 6 बजे तक वह अपना स्टॉल लगा लेते हैं और शाम 5 बजे तक लगातार ग्राहकों को बिरयानी खिलाते रहते हैं. इस दौरान तेज धूप, बारिश, लू और कड़ाके की ठंड जैसी मौसम की तमाम चुनौतियों के बावजूद वह रोज अपनी दुकान पर डटे रहते हैं. मेहनत और लगन के दम पर ही वह अपने परिवार का गुजारा कर रहे हैं.
मोहन मंडल की वेज बिरयानी अपने खास स्वाद और किफायती कीमत के लिए जानी जाती है. इसे सोयाबीन, मटर, पनीर और विशेष मसालों के साथ तैयार किया जाता है. एक प्लेट बिरयानी के साथ वह दो तरह की चटनी, रायता, सलाद और हरी मिर्च भी परोसते हैं. इससे इसका स्वाद और बढ़ जाता है. इसकी शुरुआती कीमत मात्र 20 रुपये प्रति प्लेट है. इसके अलावा ग्राहकों की जरूरत के अनुसार 30, 50 और 60 रुपये वाली प्लेटें भी उपलब्ध हैं.