दिल्ली: राजधानी दिल्ली का बराखंभा रोड इलाका बड़े-बड़े दफ्तरों, कॉरपोरेट बिल्डिंग और महंगे रेस्टोरेंट्स के लिए जाना जाता है, लेकिन इसी चमक-दमक के बीच कुछ ऐसे छोटे-छोटे खाने के ठिकाने भी हैं, जहां स्वाद के साथ बजट का भी पूरा ख्याल रखा जाता है. अगर आप ऑफिस के लंच में ज्यादा पैसे खर्च नहीं करना चाहते हैं, तो बराखंभा रोड और इसके आसपास का इलाका आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. यहां करीब 50 से 100 रुपये के बजट में नाश्ते से लेकर देसी खाना तक मिल जाता है.
शंकर मार्केट का राजमा-चावल है खास
बराखंभा रोड मेट्रो स्टेशन से निकलते ही पास में शंकर मार्केट आता है. यह बाजार अपने कपड़ों और छोटे कारोबारों के साथ खाने-पीने के लिए भी जाना जाता है. यहां सबसे ज्यादा चर्चा पराशर फूड्स की होती है. शंकर मार्केट के प्रवेश के पास मौजूद यह छोटी सी दुकान गरमा-गरम राजमा-चावल के लिए मशहूर है. इसके साथ प्याज, पापड़, चटनी और रायता भी दिया जाता है. यहां एक प्लेट करीब 80 रुपये के आसपास मिलती है. दोपहर के समय यहां ऑफिस कर्मचारियों की भीड़ लगती है.
सरेन ढाबा में मिलेगा देसी स्वाद
शंकर मार्केट में ही सरेन ढाबा भी मौजूद है. अगर आपको घर जैसा साधारण और देसी खाना पसंद है तो यह जगह आपके लिए अच्छी हो सकती है. यहां बजट में खाना खाने वाले लोगों की आवाजाही बनी रहती है.
बराखंभा से आगे बंगाली मार्केट का स्वाद
बराखंभा रोड से थोड़ा आगे बढ़ने पर बंगाली मार्केट आता है, जो दिल्ली के पुराने और मशहूर खाने के ठिकानों में गिना जाता है. यहां बंगाली स्वीट हाउस और नाथू स्वीट्स जैसे पुराने नाम हैं. गोलगप्पे, चाट, मिठाइयां और छोले-भटूरे के लिए यह इलाका काफी फेमस है.
नाश्ते से लेकर शाम की चाट तक
बराखंभा रोड पर मोंगा स्नैक्स भी एक जाना-पहचाना ठिकाना है, जहां नाश्ते और हल्के खाने के विकल्प मिलते हैं. वहीं, अगर आप थोड़ा अलग और बैठकर खाने का अनुभव चाहते हैं तो इसी इलाके में कई बड़े रेस्टोरेंट भी मौजूद हैं.
बाराखंबा में साउथ इंडियन का भी ऑप्शन
अगर आपको नॉर्थ इंडियन की जगह साउथ इंडियन खाना पसंद है तो साउथी साउथ इंडियन खाना भी बाराखंबा मेट्रो गेट नंबर चार के ठीक सामने है. यहां इडली, डोसा और दूसरे साउथ इंडियन व्यंजन मिलते हैं. वहीं, बाराखंबा रोड भी साउथ इंडियन खाने के लिए जाना-पहचाना नाम है.