राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को लेकर शुक्रवार को बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली पुलिस के कमिश्नर सतीश गोलचा को रिटायरमेंट से पहले ही उनके पद से हटा दिया गया है। इसके साथ ही अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद की जिम्मेदारी मिली है। उनका नियुक्ति से जुड़ा आदेश भी जारी कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, सतीश गोलचा का कार्यकाल 2027 में पूरा होने वाला था।
केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली का नया पुलिस आयुक्त (कमिश्नर ऑफ पुलिस) नियुक्त किया है। इस संबंध में गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को आदेश जारी कर दिया। गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, एजीएमयूटी कैडर (1994 बैच) के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक वह दिल्ली पुलिस आयुक्त के पद पर बने रहेंगे।
आदेश में कहा गया है कि वर्तमान पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा (एजीएमयूटी कैडर, 1992 बैच) नए पुलिस आयुक्त के कार्यभार ग्रहण करने के बाद आगे की नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करेंगे।