नई दिल्ली: साउथ दिल्ली के सत्य निकेतन में एक पांच मंजिला इमारत के ढहने से कई लोग मलबे में दब गए। एक शख्स की मौत की खबर है जबकि तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। अभी तक 6 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। घायलों में से 3 को एम्स ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। घटनास्थल पर रेस्क्यू का काम जारी है। बताया जा रहा है कि जो बिल्डिंग गिरी उसमें छात्रों का पीजी भी चलता था। आज रविवार को छुट्टी होने के चलते अधिकांश बच्चे पीजी में ही थे। 

मौके पर दमकल की आठ गाड़ियां

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि दमकल की आठ गाड़ियां और विभिन्न विभागों की कई बचाव टीम मौके पर भेजी गई हैं। पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गईं और इलाके की घेराबंदी कर दी गई। आपातकालीन कर्मियों ने मलबे में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने तत्काल बचाव कार्य में मदद शुरू कर दी और मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए हाथों और उपलब्ध उपकरणों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।

बिल्डिंग मालिक की तलाश

 पुलिस बिल्डिंग मालिक की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि इस बिल्डिंग के मालिक हरिओम बंसल और उनके भाई आनंद बंसल हैं जो गुरुग्राम के रहनेवाले हैं और उनके तीन से चार पीजी चलते हैं। चश्मदीदों का कहना है कि बिल्डिंग की बेसमेंट में काम चल रहा था, एक महीने पहले एक नोटिस भी दिया गया था। चश्मदीदों के मुताबिक एक साल पहले इस बिल्डिंग को खाली कराया गया था। साथ ही यह भी जानकारी सामने आई है कि इस बिल्डिंग में पीजी दो महीने पहले शुरू हुआ था।

 घटनास्थल से सामने आए दृश्यों में मलबे के नीचे एक व्यक्ति का पैर फंसा दिखाई दिया। दमकलकर्मी उस व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए मलबा हटा रहे हैं। फिलहाल, दिल्ली पुलिस की ओर से घटना या इमारत ढहने के कारणों के संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है। 

 ‘हॉस्टल डेज़’ के नाम से चलता था पीजी 

एक चश्मदीद ने बताया कि जो इमारत गिरी है, उसका नाम ‘हॉस्टल डेज़’ है। ठीक उसके बगल में एक और इमारत है जो गिर गई। ‘हॉस्टल डेज़’ खास तौर पर लड़कों का PG है; यह पांच मंज़िला इमारत थी। बगल वाली इमारत भी गिर गई। जो छात्र अपने कमरों के अंदर थे, वे सभी मलबे के नीचे दब गए। 





Source link

Write A Comment