गर्मियों के मौसम में ठंडी-ठंडी आइसक्रीम हर किसी को पसंद होती है लेकिन अब लोग स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी खास ध्यान रख रहे हैं. यही वजह है कि गोरखपुर में दुबई स्टाइल की खास आइसक्रीम तेजी से लोकप्रिय हो रही है. इस आइसक्रीम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें चीनी का बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं किया जाता. इस आइसक्रीम में मिठास के लिए चीनी की जगह शहद और पांच खास तरह की खजूर (अजवा, मेडजूल, सफावी, मबरोम और खलास) का इस्तेमाल किया जाता है. खजूर के बीज निकालकर उन्हें दूध में भिगोया जाता है और फिर पीसकर पेस्ट तैयार करते हैं. इसे बनाने के लिए फुल क्रीम दूध, ताजी मलाई, शहद, खजूर, चिया सीड्स और भरपूर ड्राई फ्रूट्स (बादाम, काजू, पिस्ता, अखरोट) का उपयोग होता है. पहले दूध और मलाई को धीमी आंच पर गाढ़ा करके उसमें खजूर का पेस्ट और शहद मिलाया जाता है. इसके बाद रोस्टेड ड्राई फ्रूट्स डालकर केसर-इलायची, पिस्ता, चॉकलेट या कॉफी जैसे अलग-अलग फ्लेवर तैयार किए जाते हैं और 6 से 8 घंटे फ्रीजर में जमाया जाता है. यह आइसक्रीम पूरी तरह नेचुरल और केमिकल-मुक्त है. खजूर और ड्राई फ्रूट्स होने के कारण यह शरीर को भरपूर पोषण और एनर्जी देती है, जिससे यह बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए बेस्ट समर डेजर्ट बन गई है.