मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने पवित्र रिश्ते को तार-तार करते हुए अपनी ही पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। औद्योगिक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली गरीब नवाज कॉलोनी में रहने वाले अबरार नाम के शख्स ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी अपनी 27 वर्षीय पत्नी रिहाना को बाहर खाना खिलाने के बहाने घर से लेकर निकला था। वह उसे झांसा देकर शंकरगढ़ पहाड़ी के एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

सुनसान पहाड़ी पर ले जाकर की बेरहमी से मारपीट

पीड़िता के मुताबिक आरोपी पति उसे सुनसान पहाड़ी क्षेत्र में ले गया और वहां पहुंचते ही उसका रंग बदल गया। अबरार ने रिहाना के साथ पहले तो लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की। जब रिहाना अपनी जान बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगी तो आरोपी ने एक धारदार चाकू निकाला और बेरहमी से रिहाना का होंठ काट दिया। इस खूनी हमले के बाद पीड़िता लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। हैवानियत की हद तो तब हो गई जब आरोपी अबरार अपनी गंभीर रूप से घायल पत्नी और अपनी मासूम बच्ची को उसी सुनसान और वीरान जगह पर तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गया।

3 साल पहले हुआ था लव मैरिज

किसी तरह घायल रिहाना को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल जिला चिकित्सालय में उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल के बिस्तर पर दर्द से तड़पती पीड़िता ने बताया कि करीब तीन साल पहले उन दोनों ने खुशी-खुशी लव मैरिज की थी। रिहाना ने सोचा था कि उसकी जिंदगी खुशहाल रहेगी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही पति का असली चेहरा सामने आ गया। आरोपी अबरार लगातार उसके साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।

पुलिस कर रही मामले की जांच

इस पूरे मामले को लेकर औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

रिपोर्ट- अरविंद चौकसे

ये भी पढ़ें: घर में हुई चोरी, FIR में लिख दिया पारिवारिक विवाद; डिंडौरी पुलिस का अनोखा कारनामा





Source link

Write A Comment