गुरुग्राम के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार ने एक बार फिर सबको चौंका दिया है। शहर के DLF फेज-5 में बन रहे सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट द डहलियाज (The Dahlias) में एक पेंटहाउस ₹271 करोड़ में बिका है। खास बात यह है कि प्रति वर्ग फुट कीमत के हिसाब से यह देश के सबसे महंगे प्रॉपर्टी सौदों में शामिल हो गया है।

सूत्रों के अनुसार, गुरुग्राम के इस अल्ट्रा-लग्जरी पेंटहाउस को इंपीरियल ऑटो से जुड़े जाने-माने उद्यमी मानव सरदाना ने खरीदा है। पेंटहाउस का सुपर एरिया करीब 17,200 वर्ग फुट, जबकि कारपेट एरिया लगभग 10,500 वर्ग फुट है। सुपर एरिया के हिसाब से इसकी कीमत करीब ₹1.58 लाख प्रति वर्ग फुट बैठती है। वहीं, कारपेट एरिया के आधार पर कीमत लगभग ₹2.6 लाख प्रति वर्ग फुट है। इतनी ऊंची कीमत इसे देश के सबसे महंगे लग्जरी प्रॉपर्टी सौदों में शामिल करती है।

क्या है द डहलियाज प्रोजेक्ट?

DLF ने अक्टूबर 2024 में गुरुग्राम के DLF फेज-5 में करीब 17 एकड़ में इस सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट को लॉन्च किया था। इसमें कुल 420 अपार्टमेंट और पेंटहाउस शामिल हैं। इस प्रोजेक्ट में सामान्य अपार्टमेंट की कीमत भी करीब ₹100 करोड़ से ₹170 करोड़ के बीच है, जबकि पेंटहाउस की कीमत इससे भी ज्यादा है। DLF को इस प्रोजेक्ट से कुल ₹40,000 करोड़ से ज्यादा की बिक्री की उम्मीद है। कंपनी अब तक इसके 65 फीसदी से ज्यादा यूनिट बेच चुकी है।

गुरुग्राम-मुंबई में बढ़ी लग्जरी घरों की डिमांड

कोरोना महामारी के बाद देश के बड़े शहरों में लग्जरी घरों की मांग में तेजी देखने को मिली है। खासतौर पर गुरुग्राम और मुंबई में करोड़ों रुपये के अपार्टमेंट और पेंटहाउस की कई बड़ी डील सामने आई हैं। ताजा ₹271 करोड़ का सौदा भी इसी बढ़ती मांग की तस्वीर पेश करता है।

डीएलएफ का प्रदर्शन और सेल्स टारगेट

चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में नया प्रोजेक्ट लॉन्च न होने के कारण डीएलएफ की सेल्स बुकिंग 94 फीसदी घटकर ₹657 करोड़ रही। इसके बावजूद कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ 4 फीसदी बढ़कर ₹793.90 करोड़ हो गया। डीएलएफ को भरोसा है कि वह इस वित्त वर्ष के लिए अपने ₹20,000 करोड़ के वार्षिक सेल्स बुकिंग लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेगी।

इनपुट- PTI

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में घर खरीदना पड़ेगा महंगा! सर्किल रेट 75% तक बढ़े, जानिए अब कितनी महंगी होगी प्रॉपर्टी?





Source link

Write A Comment