राजस्थान के अजमेर में एक डॉक्टर ने नई कार खरीदी लेकिन कार खरीदने की खुशी कुछ ही देर में दहशत में बदल गई जब डिलीवरी लेने के 30 मिनट बाद ही उसमें आग लग गई। कार चला रहे जेएलएन अस्पताल के न्यूरो सर्जरी विभाग के न्यूरो सर्जन डॉक्टर कुशल गोयल ने कार के बोनट से धुआं उठता देख सड़क किनारे उसे रोक। उन्होंने बिना पल गंवाए तुंरत अपनी मां और अन्य परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलने के तुरंत बाद नगर निगम की दमकल ने आग पर काबू पाया जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घटना में कार का इंजन पूरी तरह जलकर राख हो गया।
डिलीवरी लेने के 30 मिनट बाद कार में भड़की आग
वैशालीनगर के आनंद नगर निवासी डॉ. कुशल गोयल ने गुरुवार को मारुति कंपनी की नई कार खरीदी थी। शोरूम से डिलीवरी लेने के बाद वे खुशी-खुशी अपनी मां और परिवार के साथ घर लौट रहे थे। करीब आधे घंटे बाद वैशालीनगर में कार के अगले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। गनीमत रही कि कार चला रहे डॉक्टर कुशल ने समय रहते बोनट से उठता धुआं देख लिया और तुरंत कार सड़क किनारे रोक दी।
कार में लगी आग।
इसके बाद उन्होंने सभी परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही क्षणों में बोनट के भीतर आग की लपटें उठने लगीं। उन्होंने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही तुरंत पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया, इससे आग पूरी कार में नहीं फैल सकी और पहले ही नियंत्रित हो गई।
वीडियो आया सामने-
क्षतिग्रस्त कार को वापस शोरूम भेजा
आग बुझाने के बाद क्षतिग्रस्त कार को वापस शोरूम ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। तकनीकी जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट, किसी तकनीकी खराबी या अन्य किसी वजह से लगी। फिलहाल घटना को लेकर कंपनी स्तर पर जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
वीडियो में देखे कार मालिक डॉक्टर ने क्या कुछ कहा-
वहीं, आपको बता दें कि 2 दिन पहले ही मुंबई में कोस्टल रोड पर टनल के अंदर चलती कार में आग लग गई। इसकी वजह से सुरंग से गुजरने वाली गाड़ियां आगे नहीं बढ़ सकीं और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
(रिपोर्ट- राजकुमार वर्मा)
यह भी पढ़ें-
Video: गंगा स्नान करने जा रहे 4 लोग जिंदा जले, चलती कार में आग लगने से हादसा, शव पहचानना मुश्किल
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, चलती कार में आग लगने से पांच लोग जिंदा जले