नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के चलते नई दिल्ली के इलाके में भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति है। दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली के इन इलाकों में भारी भीड़ ट्रैफिक कंजेशन को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल नई दिल्ली की ओर जाने से बचें। पुलिस के मुताबिक, इलाके में असामान्य रूप से बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है और कई मार्गों पर जाम की स्थिति बनी हुई है।

गैरजरूरी यात्रा से लोग बचें

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एडवाइजरी में कहा कि लोग नई दिल्ली की ओर अनावश्यक यात्रा से बचें। अगर यात्रा करना जरूरी हो तो लोग वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करें, ताकि ट्रैफिक जाम के कारण होने वाली देरी से बचा जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। साथ ही, लोगों को सलाह दी गई है कि संभव हो तो पब्लिक ट्रांसपोर्ट और मेट्रो का इस्तेमाल करें।

सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचें

नई दिल्ली जिले में कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर और संसद मार्ग क्षेत्र के आसपास भी यातायात प्रभावित होने की आशंका है। दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक से जुड़े रीयल-टाइम अपडेट के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचें।

उधर, दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन से जुड़ी फर्जी और भ्रामक पोस्टों की पहचान करने के लिए सोशल मीडिया पर लगातार नजर रख रही है।  मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने आज एक प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोगों में दहशत फैलाने और उन्हें गुमराह करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर कई झूठे दावे और भ्रामक बातें प्रसारित की जा रही हैं। 

उन्होंने एक उदाहरण दिया और बताया कि 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान एक महिला पुलिस अधिकारी की मौत होने का दावा पूरी तरह फर्जी था। इसके अलावा, एक राजनीतिक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर यह आरोप लगाया था कि सुरक्षाबल के जवान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ रात में कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं, जबकि यह दावा भी भ्रामक था। डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने  ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए कुछ फर्जी पोस्ट पाकिस्तान से भी किए गए। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने पेपर लीक और परीक्षाओं से जुड़े अन्य अपराधों की जांच के लिए अपराध शाखा के तहत एक विशेष कार्यबल (STF) का गठन किया है। 





Source link

Write A Comment