Soft Roti Recipe: गरमागरम, फूली हुई और नरम रोटियां किसी भी खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती हैं, अगर रोटी मुलायम हो तो साधारण दाल और सब्जी भी बेहद स्वादिष्ट लगती है, लेकिन अक्सर घरों में एक परेशानी देखने को मिलती है कि रोटियां बनाते समय तो नरम रहती हैं, मगर कुछ ही देर बाद सूखी और कड़क हो जाती हैं. खासकर टिफिन, ऑफिस लंच या सफर के लिए बनाई गई रोटियां जल्दी सख्त पड़ जाती हैं. ऐसे में कई लोग सोचते हैं कि आखिर होटल जैसी लंबे समय तक सॉफ्ट रहने वाली रोटियां घर पर कैसे बनाई जाएं. असल में इसका राज सिर्फ रोटी सेंकने में नहीं बल्कि आटा गूंथने के तरीके में छिपा होता है, अगर आटा सही तरीके से तैयार किया जाए तो रोटियां घंटों तक मुलायम रह सकती हैं.
कई लोग आटे में घी डालते हैं, जबकि कुछ दूध मिलाकर आटा गूंथते हैं, लेकिन दोनों में से कौन ज्यादा असरदार है और किस तरीके से रोटियां पूरे दिन नरम बनी रहती हैं, यह जानना जरूरी है. सही मात्रा, सही पानी और थोड़ा धैर्य आपकी रोटियों की क्वालिटी पूरी तरह बदल सकता है, अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी रोटियां लंबे समय तक फूली, सॉफ्ट और स्वादिष्ट रहें, तो ये आसान टिप्स आपके बहुत काम आने वाले हैं.
हल्के गुनगुने पानी से गूंथें आटा
बहुत से लोग सीधे ठंडे पानी से आटा गूंथ लेते हैं, लेकिन यही सबसे बड़ी गलती साबित होती है. हल्के गुनगुने पानी से गूंथा गया आटा ज्यादा मुलायम बनता है. इससे आटे में नमी बनी रहती है और रोटियां जल्दी सूखती नहीं हैं. गुनगुना पानी आटे को अच्छी तरह सेट होने में मदद करता है, जिससे रोटियां बेलने में भी आसान होती हैं और सेंकने पर अच्छी तरह फूलती हैं.
आटे में घी मिलाने का फायदा
अगर आप चाहते हैं कि रोटियां लंबे समय तक सॉफ्ट रहें, तो आटा गूंथते समय 1 या 2 चम्मच घी जरूर डालें. घी आटे में नमी बनाए रखता है और रोटियों को सूखने से बचाता है. यही वजह है कि टिफिन या यात्रा के लिए बनाई जाने वाली रोटियों में घी डालना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है. घी मिलाने से रोटियां सिर्फ नरम ही नहीं बल्कि स्वाद में भी बेहतर लगती हैं. साथ ही रोटियां देर तक ताजी महसूस होती हैं और उनमें कड़कपन नहीं आता.
दूध मिलाकर गूंथने से क्या होता है
कुछ लोग बेहद सॉफ्ट रोटियां बनाने के लिए पानी में थोड़ा दूध मिलाकर आटा गूंथते हैं. दूध में मौजूद फैट और प्रोटीन रोटियों को मुलायम बनाने में मदद करते हैं, अगर रोटियां तुरंत खाने के लिए बन रही हैं तो दूध वाला तरीका काफी अच्छा माना जाता है. हालांकि दूध से बनी रोटियां शुरुआत में बहुत नरम लगती हैं, लेकिन लंबे समय तक सॉफ्ट रखने के मामले में घी ज्यादा असरदार माना जाता है. इसलिए अगर रोटियां कई घंटों बाद खानी हों तो घी वाला तरीका ज्यादा बेहतर रहता है.
घी या दूध, कौन है ज्यादा बेस्ट
अगर बात सिर्फ नरमी की हो तो दोनों चीजें अच्छी हैं, लेकिन लंबे समय तक रोटियां मुलायम रखने के लिए घी ज्यादा असरदार माना जाता है. घी आटे की नमी को लॉक करने का काम करता है, जिससे रोटियां जल्दी सूखती नहीं हैं. वहीं दूध रोटियों को इंस्टेंट सॉफ्टनेस देता है, लेकिन कुछ घंटों बाद उसका असर कम होने लगता है. ऐसे में रोजमर्रा के इस्तेमाल, टिफिन और सफर के लिए घी डालकर आटा गूंथना ज्यादा सही तरीका माना जाता है.
आटा गूंथने के बाद तुरंत रोटी न बनाएं
कई लोग जल्दी में आटा गूंथते ही रोटियां बनाना शुरू कर देते हैं, लेकिन अगर आप सच में मुलायम रोटियां चाहते हैं तो आटे को कम से कम 15 से 20 मिनट ढककर जरूर रखें. इससे आटा अच्छे से सेट हो जाता है और उसमें मौजूद नमी बराबर फैल जाती है. आराम किया हुआ आटा ज्यादा स्मूद बनता है और रोटियां भी ज्यादा फूली और नरम निकलती हैं.
रोटियां नरम रखने के कुछ आसान टिप्स
रोटियां सेंकने के बाद तुरंत ढककर रखें. सूती कपड़े या कैसरोल का इस्तेमाल करें. बहुत तेज आंच पर रोटियां न सेंकें. आटा ज्यादा सख्त न गूंथें. जरूरत से ज्यादा सूखा आटा बेलने में इस्तेमाल न करें.