डायमंड लीग का अगला चरण जो सभी एथलीटों के लिए काफी अहम रहने वाला है वह लुसाने में आयोजित किया जा रहा है। लुसाने डायमंड लीग 2026 में भारतीय फैंस की नजरें सबसे ज्यादा स्टार जैवलिन थ्रो एथलीट नीरज चोपड़ा को लेकर रहने वाली हैं, जो 21 अगस्त की रात एक्शन में दिखाई देंगे। नीरज चोपड़ा ने हाल में हुए ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल को अपने नाम किया था, जिसमें श्रीलंका के रुमेश पथिरागे गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब हुए थे। वहीं अब एकबार फिर से नीरज का सामना रुमेश से होने जा रहा है और इस मुकाबले को लेकर फैंस के बीच में काफी दिलचस्पी देखने को मिल रही है।
नीरज चोपड़ा की नजरें फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की करने पर
लुसाने डायमंड लीग का चरण नीरज चोपड़ा के लिए फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए काफी अहम रहने वाला है। नीरज चोपड़ा अभी फिलहाल छह अंकों के साथ 7वीं पोजीशन पर हैं। वहीं रैंकिंग में टॉप-6 में रहने वाले खिलाड़ी चार और पांच सितंबर को ब्रुसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का करेंगे। श्रीलंकाई एथलीट रुमेश पथिरागे पहले ही डायमंड लीग फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। पथिरागे का इस सीजन काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है जिसमें उन्होंने 9 इवेंट में हिस्सा लिया है और उसमें से 8 को जीतने में कामयाब रहे हैं। वहीं नीरज चोपड़ा ने बैक इंजरी से उबरने के बाद वापसी की जिसमें वह कई अहम इवेंट का हिस्सा नहीं थे।
पाकिस्तानी अरशद नदीम ने पहले ही अपना नाम ले लिया वापस
नीरज चोपड़ा और रुमेश पथिरागे जहां लुसाने डायमंड लीग में हिस्सा लेने जा रहे हैं तो वहीं कॉमनवेल्थ गेम्स में जैवलिन थ्रो के फाइनल इवेंट में 9वीं पोजीशन पर खत्म करने वाले अरशद नदीम ने पहले ही अपना नाम वापस ले लिया है जिसमें वह जापान में होने वाले एशियन गेम्स की तैयारियों के लिए साउथ अफ्रीका में ट्रेनिंग कर रहे हैं। अरशद के अलावा जर्मनी के यूरोपीय चैंपियन जूलियन वेबर भी लुसाने डायमंड लीग में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। हालांकि इसके बावजूद नीरज के लिए चुनौती आसान नहीं होगी जिसमें त्रिनिदाद और टोबैगो के मौजूदा विश्व चैंपियन केशोर्न वालकॉट और ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स से उनकी कड़ी चुनौती मिलने वाली है।
ये भी पढ़ें
भारतीय टीम ने पाकिस्तान को किया चारों खाने चित, हॉकी वर्ल्ड कप मुकाबले को 5-3 से किया अपने नाम