Last Updated:

Nenua Chutney Recipe: झारखंड के गांवों में गर्मियों में नेनुआ की चटनी काफी पसंद की जाती है. इसे बनाना बहुत आसान है और यह स्वाद के साथ-साथ सेहत भी देती है. रेसिपी में मुश्किल से चार-पांच सामान ही पड़ता है पर खाने का स्वाद दोगुना हो जाता है.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. झारखंड के गांवों की सबसे बड़ी खासियत यहां का सादा, पौष्टिक और देसी भोजन है. खासकर गर्मियों के मौसम में यहां के लोग ऐसे खाने को ज्यादा महत्व देते हैं, जो शरीर को ठंडक दे और सेहत के लिए फायदेमंद हो. यही वजह है कि गांवों में आज भी कई पारंपरिक व्यंजन और चटनियां बड़े चाव से बनाई जाती हैं. इन्हीं में से एक है नेनुआ की चटनी, जो गर्मियों के दिनों में झारखंड के लगभग हर घर में दोपहर के समय जरूर बनाई जाती है.

पेट के लिए भी अच्छा
नेनुआ, जिसे कई जगहों पर तोरई भी कहा जाता है, शरीर के लिए काफी लाभदायक मानी जाती है. इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जिससे शरीर को ठंडक मिलती है और गर्मी में डिहाइड्रेशन की समस्या कम होती है. गांव के लोग मानते हैं कि नेनुआ हल्का और जल्दी पचने वाला भोजन है, इसलिए गर्मियों में यह पेट के लिए भी काफी अच्छा होता है.

नेनुआ की चटनी स्वाद में जितनी बेहतरीन होती है, इसे बनाना भी उतना ही आसान है. सबसे पहले बाजार से ताजा नेनुआ लाया जाता है. इसके बाद उसका छिलका उतारकर उसे धीमी आंच पर चारों तरफ से अच्छी तरह पकाया जाता है. जब नेनुआ पूरी तरह नरम हो जाता है, तब उसे हल्का ठंडा होने के लिए रख दिया जाता है.

बस चार-पांच सामान और स्वादिष्ट चटनी तैयार
इसके बाद पतला कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च और लहसुन तैयार किया जाता है. गांवों में आज भी कई लोग इसे सिलबट्टे पर पीसकर बनाना पसंद करते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. फिर पके हुए नेनुआ को इन सभी चीजों के साथ अच्छी तरह मिलाया जाता है. स्वाद अनुसार नमक डाला जाता है और ऊपर से थोड़ा सा शुद्ध सरसों का तेल डालकर हल्के हाथों से मिला लिया जाता है. बस कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट नेनुआ की चटनी तैयार हो जाती है.

गांवों में यह चटनी खासकर गर्म भात के साथ बेहद पसंद की जाती है. कई लोग इसे रोटी के साथ भी खाते हैं. सरसों के तेल की खुशबू, लहसुन का स्वाद और नेनुआ की नरमी मिलकर इसे बेहद खास बना देती है.

कई पोषक तत्व मिलते हैं
सेहत की बात करें तो नेनुआ में फाइबर, विटामिन और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. यह पाचन को बेहतर रखने में मदद करता है और शरीर को हल्का महसूस कराता है. गर्मियों में मसालेदार और भारी भोजन से बचने के लिए गांव के लोग आज भी इस तरह के पारंपरिक भोजन को ज्यादा महत्व देते हैं. झारखंड के गांवों की यह देसी नेनुआ चटनी स्वाद के साथ-साथ स्वास्थ्य का भी बेहतरीन उदाहरण पेश करती है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Write A Comment