होमफोटोलाइफ़फूड

नॉनवेज जैसा स्वाद चाहिए तो ऐसे बनाएं कटहल की सब्जी, भूल जाएंगे मटन-चिकन

Last Updated:

Jackfruit Curry Recipe: सावन में अगर नॉनवेज खाने का मन हो, लेकिन धार्मिक कारणों से नॉनवेज से दूरी बना रखी है, तो उदयपुर स्टाइल नॉनवेज कटहल की सब्जी एक शानदार विकल्प हो सकती है. कच्चे कटहल को मसालों के साथ इस तरह तैयार किया जाता है कि इसका स्वाद और टेक्सचर काफी हद तक नॉनवेज जैसा लगता है. इस रेसिपी में कटहल को पहले हल्दी-नमक लगाकर हल्का सुनहरा होने तक भुना जाता है. इसके बाद प्याज, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और साबुत मसालों से मसाला तैयार किया जाता है. टमाटर और गरम मसाले के साथ कटहल को धीमी आंच पर पकाने से इसका स्वाद और भी गहरा हो जाता है. इसे रोटी, पराठे, नान या जीरा राइस के साथ परोसा जा सकता है.

सावन का महीना चल रहा है और इस दौरान कई लोग धार्मिक कारणों से नॉनवेज से दूरी बनाते हैं. ऐसे में अगर आपको भी नॉनवेज खाने का मन कर रहा है, लेकिन सावन की वजह से आप नॉनवेज नहीं खाना चाहते, तो कटहल की खास सब्जी आपके लिए एक बढ़िया विकल्प हो सकती है. कटहल को अगर थोड़े अलग अंदाज में मसालों के साथ तैयार किया जाए तो इसका स्वाद काफी हद तक नॉनवेज जैसा महसूस होता है. यही वजह है कि इसे उदयपुर में नॉनवेज स्टाइल कटहल की सब्जी भी कहा जाता है.

कटहल की सब्जी वैसे तो घरों में सामान्य तरीके से बनाई जाती है, लेकिन नॉनवेज स्टाइल में इसे बनाने के लिए मसालों और पकाने के तरीके पर थोड़ा ज्यादा ध्यान देना पड़ता है. खास बात यह है कि इस सब्जी को बनाने में ज्यादा महंगी सामग्री की जरूरत नहीं होती. घर में मौजूद सामान्य मसालों से ही इसे स्वादिष्ट बनाया जा सकता है.

सबसे पहले कच्चे कटहल को साफ करके छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लिया जाता है. कटहल काटते समय हाथों और चाकू पर थोड़ा तेल लगा लेने से चिपचिपाहट कम होती है. इसके बाद कटहल को हल्का नमक और हल्दी लगाकर कुछ देर रखा जा सकता है. अब कड़ाही में तेल गर्म करके कटहल के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक भून लिया जाता है. इससे कटहल का स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

अब बारी आती है इस सब्जी के खास मसाले की. इसके लिए प्याज, लहसुन, अदरक और हरी मिर्च को पीसकर या बारीक काटकर तैयार किया जाता है. कड़ाही में थोड़ा तेल डालकर इसमें जीरा, तेजपत्ता और साबुत मसाले डाले जाते हैं. इसके बाद प्याज का मसाला डालकर अच्छी तरह भुना जाता है. जब प्याज का रंग सुनहरा हो जाए तो इसमें अदरक-लहसुन और हरी मिर्च का मिश्रण डाल दिया जाता है.

मसाला अच्छी तरह भुनने के बाद इसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर और गरम मसाला डाला जाता है. मसालों को धीमी आंच पर भूनना जरूरी है, क्योंकि इसी से सब्जी में गहरा स्वाद आता है. इसके बाद इसमें टमाटर की प्यूरी या बारीक कटे टमाटर डालकर मसाले को डाले. अब इसमें पहले से भुना हुआ कटहल डालकर मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाया जाता है. स्वाद के अनुसार नमक डालने के बाद थोड़ा पानी डालकर सब्जी को ढककर धीमी आंच पर पकाया जाता है.

करीब 15 से 20 मिनट में कटहल मसाले को अच्छी तरह सोख लेता है और इसकी ग्रेवी भी गाढ़ी हो जाती है. अगर आप इसे और ज्यादा नॉनवेज स्टाइल का स्वाद देना चाहते हैं तो इसमें थोड़ा गरम मसाला और कसूरी मेथी डाल सकते हैं. तैयार होने के बाद कटहल की यह सब्जी देखने में भी काफी स्वादिष्ट लगती है. कटहल के नरम टुकड़े मसाले में पूरी तरह लिपटे होते हैं और इसका स्वाद मसालेदार और भरपूर होता है. इसे रोटी, पराठे, नान या जीरा राइस के साथ परोसा जा सकता है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment