Last Updated:

Kathal Biryani Recipe: कटहल से बनी बिरयानी उन लोगों के लिए एक शानदार विकल्प है, जो शाकाहारी होते हुए भी नॉनवेज जैसा स्वाद पसंद करते हैं. छोटे आकार के कटहल यानी मोची से तैयार यह खास रेसिपी न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि इसकी खुशबू भी मन मोह लेती है. आसान विधि और घरेलू मसालों से बनने वाली यह कटहल बिरयानी मेहमानों को इम्प्रेस करने के साथ-साथ रोजमर्रा के खाने को भी खास बना देती है. रिपोर्ट- ओम प्रकाश निरंजन

बाजार में आसानी से मिलने वाला छोटे आकार का कटहल, जिसे कई इलाकों में मोची भी कहा जाता है. इससे आप घर पर ही लाजवाब और खुशबूदार बिरयानी तैयार कर सकते हैं. खास बात यह है कि यह रेसिपी उन लोगों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है, जो शाकाहारी हैं लेकिन नॉनवेज बिरयानी जैसा स्वाद चाहते हैं.

गृहिणी राधिका प्रजापति ने कटहल बिरयानी बनाने का बेहद आसान और स्वादिष्ट तरीका साझा किया है. उन्होंने बताया कि इस रेसिपी के लिए छोटे आकार का कटहल, बिरयानी चावल, दही, टमाटर, प्याज, पुदीना और कई मसालों की जरूरत होती है, जो इस डिश को खास बनाते हैं.

राधिका ने बताया कि बिरयानी बनाने की शुरुआत चावल तैयार करने से होती है. सबसे पहले एक बर्तन में पानी गर्म किया जाता है, जिसमें आधा नींबू निचोड़ा जाता है. इसके बाद इसमें थोड़ा रिफाइंड तेल, नमक और साबुत मसाले जैसे इलायची, दालचीनी और लौंग डाले जाते हैं. इस मिश्रण को कुछ देर उबालने के बाद ढककर 15 से 20 मिनट तक रखा जाता है, जिससे पानी में मसालों की खुशबू अच्छी तरह समा जाए. फिर इसी पानी में बिरयानी चावल डालकर पकाया जाता है और पकने के बाद अतिरिक्त पानी निकाल दिया जाता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

उन्होंने बताया कि अब बारी आती है कटहल की. छोटे कटहल को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा जाता है और हल्दी व नमक के साथ पानी में उबाल लिया जाता है, ताकि वह नरम हो जाए. उबले हुए कटहल को छानकर एक बर्तन में रखा जाता है और उसमें दही, हरी मिर्च, टमाटर का पेस्ट, भुना हुआ प्याज, पुदीना पत्ते, अदरक-लहसुन का पेस्ट और अन्य मसाले मिलाए जाते हैं.

इस मिश्रण को अच्छे से मिलाकर लगभग आधे घंटे के लिए मेरिनेट होने के लिए छोड़ दिया जाता है, ताकि मसालों का स्वाद कटहल के अंदर तक पहुंच सके. इससे कटहल रसीला और मुलायम बनता है.

इसके बाद एक कढ़ाई में तेल गर्मकर इस मेरिनेटेड कटहल को अच्छी तरह पकाया जाता है. जब मसाला अच्छी तरह पक जाए, तब एक बर्तन में बिरयानी की लेयरिंग की जाती है. पहले चावल की परत, फिर कटहल मसाला और उसके ऊपर फिर चावल की परत लगाई जाती है. अंत में बिरयानी को पुदीना पत्तों और भूने हुए प्याज से सजाया जाता है.

हल्का रंग देने के लिए एक चम्मच चुकंदर का रस और स्वाद बढ़ाने के लिए एक चम्मच घी डाला जाता है. इसके बाद इसे करीब 10 मिनट तक धीमी आंच पर दम दिया जाता है. इसके बाद तैयार कटहल बिरयानी को रायते के साथ परोसें. इसकी खुशबू और स्वाद ऐसा होता है कि यह न केवल परिवार बल्कि मेहमानों का भी दिल जीत लेती है.



Source link

Write A Comment