पनीर भारतीय रसोई का एक बहुत कॉमन फूड है, जिससे कई तरह की स्वादिष्ट डिशेज बनाई जाती हैं. यदि आप शाही पनीर, मटर पनीर जैसी रेसिपी खाकर बोर हो गए हैं, तो पनीर कलेजी की रेसिपी ट्राई कर सकते हैं. ये डिश अपने अनोखे स्वाद और खास बनाने के तरीके की वजह से काफी अलग नजर आती है. इसमें पनीर को पहले चायपत्ती वाले पानी में उबाला जाता है, जिससे इसका रंग हल्का गहरा हो जाता है और स्वाद भी काफी खास बनता है.
मसालों से भरपूर इसकी ग्रेवी पनीर को एकदम नया फ्लेवर देती है. यह रेसिपी खास मौकों, फैमिली डिनर या मेहमानों के स्वागत के लिए भी शानदार है. अगर आप हमेशा एक जैसी पनीर की सब्जियां खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस स्वादिष्ट रेसिपी को जरूर ट्राई करें.
मसाला पनीर कलेजी की रेसिपी
मसाला पनीर कलेजी बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करें. एक साफ कपड़े में चायपत्ती बांधकर छोटी पोटली बना लें और उसे पानी में डाल दें. इसके साथ पनीर के बड़े टुकड़े और थोड़ा नमक डालकर 8 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर उबालें. इससे पनीर का रंग और स्वाद दोनों बदल जाते हैं. उबालने के बाद पनीर को निकाल लें और पानी को संभालकर रख दें, क्योंकि इसका इस्तेमाल बाद में ग्रेवी बनाने में होगा.
अब एक कड़ाही में तेल या थोड़ा घी गर्म करें. इसमें जीरा, साबुत लाल मिर्च, तेजपत्ता, दालचीनी, इलायची, काली मिर्च और लौंग डालकर भूनें. जब मसालों की खुशबू आने लगे, तब बारीक कटा प्याज डालें और सुनहरा होने तक पकाएं. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ मिनट भून लें.
अब इसमें टमाटर और हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, अमचूर, पनीर मसाला और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह पकाएं. जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तब हरी मिर्च और अदरक का लच्छा डाल दें. इसके बाद उबला हुआ पनीर डालकर हल्के हाथों से मिलाएं.
अब बचा हुआ चायपत्ती वाला पानी जरूरत के अनुसार डालें और 8 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें. जब ग्रेवी गाढ़ी हो जाए, तो ऊपर से कसूरी मेथी और हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
तैयार मसाला पनीर कलेजी को तंदूरी रोटी, बटर नान, मिस्सी रोटी या जीरा राइस के साथ परोसें. ऊपर से अदरक और हरे धनिये की सजावट इसका स्वाद और लुक दोनों बढ़ा देती है.