Last Updated:

Muzaffarpur Famous Mutton: मुजफ्फरपुर के लेनिन चौक पर कमलेश श्रीवास्तव चंपारण मटन हांडी की दुकान लगाते हैं. प्राइवेट नौकरी छूटने के बाद उन्होंने कुकिंग के शौक को पेशे में बदला और आज बढ़िया कमाई कर रहे हैं. उनके सीक्रेट मसालों से चिकन, मटन, फिश सब इतने टेस्टी बनते हैं कि दूर-दूर से लोग स्वाद लेने आते हैं.

मुजफ्फरपुर. कहते हैं कि अगर इंसान अपने हुनर और मेहनत पर भरोसा रखे, तो मुश्किल हालात भी सफलता की राह बना देते हैं. मुजफ्फरपुर के लेनिन चौक स्थित चंपारण मटन हांडी के संचालक कमलेश श्रीवास्तव की कहानी कुछ इसी का उदाहरण है. प्राइवेट नौकरी छूटने के बाद उन्होंने हार मानने के बजाय स्वरोजगार का रास्ता चुना और आज उनका कारोबार पूरे जिले में पहचान बना चुका है.

बचपन से था कुकिंग और एक्टिंग का शौक
कमलेश बताते हैं कि बचपन से ही उन्हें कुकिंग और एक्टिंग का शौक था. आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने कई वर्षों तक प्राइवेट नौकरी की, लेकिन उसमें उनका मन नहीं लगता था. इसी बीच नौकरी छूट गई, जिससे भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई. हालांकि, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने शौक को ही रोजगार में बदलने का फैसला किया.

सीक्रेट मसाले से बढ़ता है स्वाद
वर्ष 2016 में उन्होंने मुजफ्फरपुर के लेनिन चौक पर चंपारण मटन हांडी की शुरुआत की. शुरुआती दिनों में ग्राहकों को जोड़ने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी. खुद मटन तैयार करते थे और लोगों तक उसके स्वाद की पहचान पहुंचाने का प्रयास करते थे. धीरे-धीरे उनके हाथों के स्वाद की चर्चा शहर में फैलने लगी और ग्राहकों की संख्या बढ़ती चली गई.

खास बात यह है कि कमलेश अपने यहां मटन में बाहर का कोई मसाला प्रयोग नहीं करते हैं. वह खुद अपने घरों में मसाला तैयार करते हैं. और घर पर कुछ सीक्रेट मसाला बनाते हैं, जो इसके स्वाद को और स्वादिष्ट बनाता है.

1100 रुपये प्रति किलो मिलता है मटन
कमलेश बताते हैं कि आज उनके यहां हर दिन लगभग एक क्विंटल मटन की बिक्री हो जाती है. सुबह 8 बजे से 10 बजे तक मटन तैयार किया जाता है और इसे बनाने में करीब दो घंटे का समय लगता है. उनका कहना है कि मटन को पूरी सावधानी और पारंपरिक तरीके से पकाया जाता है, ताकि ग्राहकों को घर जैसा स्वाद मिल सके. वर्तमान में उनके यहां हांडी मटन 1100 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध है.

होम डिलीवरी की सुविधा भी
मटन के अलावा यहां चिकन भी तैयार किया जाता है. वहीं सर्दियों के मौसम में ग्राहकों की मांग को देखते हुए मछली भी बनाई जाती है. ग्राहकों की सुविधा के लिए होम डिलीवरी की व्यवस्था भी उपलब्ध है, जिससे लोग घर बैठे आनंद ले सकते हैं.

कमलेश का मानना है कि किसी भी व्यवसाय की सफलता का सबसे बड़ा मंत्र स्वाद, गुणवत्ता और ग्राहकों का विश्वास होता है. परिवार के सहयोग और अपने आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने जो सफर शुरू किया था, वह आज एक सफल व्यवसाय में बदल चुका है.

विभिन्न इलाकों से स्वाद चखने आते हैं लोग
आज इस दुकान पर मुजफ्फरपुर शहर ही नहीं, बल्कि जिले के विभिन्न इलाकों से जो भी लोग इस दुकान की तरफ आते हैं, वह खास तौर पर कमलेश जी के यहां चंपारण मटन हांडी का स्वाद लेने जरूर पहुंचते हैं. उनके हाथ का खास स्वाद अब इस कदर फैल चुका है कि इधर आने वाला एक बार उनकी दुकान पर जाकर हांडी मटन का स्वाद जरूर चखना चाहता है. अगली बार आप भी यहां आएं तो कमलेश का खास मटन टेस्ट कर सकते हैं.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Write A Comment